बिजऩेस रेमेडीज/जयपुर
भारतीय स्टेट बैंक, जयपुर मंडल एवं भारतीय सेना के संयुक्त तत्वाधान में ‘कारगिल विजय रजत जयंती महोत्सव’ के अंतर्गत 6500 वृक्ष लगाने के अभियान की शुरुआत की गयी। अभियान का शुभारंभ भारतीय स्टेट बैंक के जयपुर मण्डल के मुख्य महाप्रबन्धक संदीप भटनागर, महाप्रबन्धक ऋतु गौड़, आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह, चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एच.एस. वंदारा एवं हैड ऑफ जयपुर कैंटॉन्मेंट मेजर जनरल आर. एस गोदारा के कर कमलों द्वारा वृक्षारोपण कर किया गया। सभी हितधारकों की दृढ़ भागीदारी के साथ पर्यावरण संरक्षण पर सार्वभौमिक जागरूकता के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
वृक्षारोपण अभियान में छायादार, फलदार एवं फूल वाले विभिन्न प्रकार के पेड़ लगाए जाएंगे। कुछ वृक्षों की हिफाजत के लिए 100 ट्री गार्ड भी बैंक द्वारा उपलब्ध कराये गए। इस अभियान में भारतीय सेना के जवानों के साथ उनके परिवार सदस्यों एवं भारतीय स्टेट बैंक के स्टाफ सदस्यों द्वारा भी वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद कैप्टन अमित भारद्वाज के परिवार की उपस्थिति भी रही और कारगिल के वीरों की शहादत को याद किया गया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह ने वृक्षारोपण में भारतीय स्टेट बैंक की भागीदारी की सराहना की और सभी को भारत सरकार के वृक्षारोपण अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ को आत्मसात करने और इस धरती को हरा भरा रखने की जिम्मेदारी को देश के प्रति अपना कर्तव्य समान मानने का आह्वान भी किया।
भटनागर ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण सरंक्षण में भी सदैव अग्रसर रही है, इसके लिए सम्पूर्ण देशवासी आप पर गर्व करते हैं एवं भारतीय स्टेट बैंक भी पर्यावरण सरंक्षण हेतु विभिन्न गतिविधियां बड़े पैमाने पर करता रहता है। भटनागर ने वृक्षारोपण पर जोर देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि हम सब मिलकर अधिक से अधिक पेड़ लगाएँ एवं पर्यावरण सरंक्षण में अपना सहयोग दें और अपनी आने वाली पीढिय़ों को हरा भरा पर्यावरण दें। अंत मेँ उन्होने सबसे अपील करते हुए कहा कि आइये हम सब आज एक प्रण लें कि हर वर्ष कम से कम 1 पेड़ लगाएंगे एवं 3 वर्ष तक उसकी देखभाल करेंगे। इस मौके पर बैंक के उप महाप्रबंधक गण कल्याण गजवेल्लि, संजीव उपाध्याय, प्राणेश प्रशांत, क्षेत्रीय प्रबन्धक अभिजीत कुमार झा के साथ कैंटॉन्मेंट शाखा के मुख्य प्रबन्धक राजकुमार यादव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमापूर्ण उपस्थिति रही।

