बिजऩेस रेमेडीज/मुंबई
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देश के सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंकों में से एक बैंक ऑफ बड़ौदा ने बैंक के प्रत्येक कर्मचारी के भीतर मौजूद एथलेटिक और खेल भावना को पपहचानने व उसका जश्न मनाने के लिए एक विशेष कैम्पेन ‘सब में है खिलाड़ी’ लॉन्च किया है। इस सिलसिले में बैंक एक स्वस्थ, अधिक सक्रिय और पर्यावरण के प्रति जागरूक समुदाय को बढ़ावा देने के लिए देशभर में वॉकथॉन, समूह खेल प्रतियोगिताएं और वृक्षारोपण अभियान जैसी विभिन्न खेल, फिटनेस और पर्यावरण संबंधी गतिविधियाँ आयोजित कर रहा है।
उल्ेेखनीय है कि देश में हर साल 29 अगस्त को हॉकी के दिग्गज मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। ‘सब में है खिलाड़ी’ अभियान में भारत के तीन सबसे प्रसिद्ध एथलीट और बैंक ऑफ बड़ौदा के समर्थक शामिल हैं। ये हैं- बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी पीवी सिंधु, क्रिकेट स्टार शेफाली वर्मा और उभरते हुए टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल। इन तीनों खेल सितारों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अपने एथलीटों के साथ मिलकर मुख्य मंच संभाला। बैंक में वर्तमान में 50 ऐसे कर्मचारी हैं जो खेलों की दुनिया से जुड़े हैं और ये सभी कर्मचारी इस विशेष अभियान के अभिन्न अंग हैं। अभियान के एक हिस्से के रूप में, बैंक ने कर्मचारियों के लिए टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, साइकिलिंग, आर्म रेसलिंग आदि जैसी कई खेल गतिविधियां आयोजित कीं, जिसमें कर्मचारियों को अंक मिले। अभियान में एक फिटनेस चुनौती और खेल-थीम वाली ट्रिविया प्रतियोगिता भी शामिल थी, जिसमें शीर्ष विजेताओं को खेलों की दुनिया के अपने आइडल के साथ एक विशेष मुलाकात और अभिवादन सत्र के साथ-साथ कुछ रोमांचक पुरस्कार भी मिले।
बैंक ऑफ बड़ौदा के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री संजय विनायक मुदलियार ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर हमयह संदेश देना चाहते थे कि एक ‘खिलाड़ी’ की भावना हम सभी में रहती है। शारीरिक और मानसिक रूप से फिट और सक्रिय रहने में मदद करने के अलावा, खेल हमें कई सबक सिखाते हैं – यह हमें कड़ी मेहनत, मजबूती, ईमानदारी, टीमवर्क और खेल भावना का महत्व सिखाता है। साथ ही, हममें ऐसे मूल्य विकसित करता है, जो मैदान पर और मैदान के बाहर दोनों जगह महत्वपूर्ण हैं। इस राष्ट्रीय खेल दिवस पर, बैंक ऑफ बड़ौदा हम सभी के भीतर के चैंपियन को फिर से जगा रहा है। इस दौरान बैंक के सभी कर्मचारियों ने सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली जीने के लिए ‘फिट इंडिया शपथ’ भी ली।

