बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। छत्तिसगढ़ के रायपुर आधारित ‘Arham Technologies Limited’ देश में वृहद स्तर पर एलईडी स्मॉर्ट टेलिविजन के साथ पंखा, एयर कूलर, मिक्सर ग्राइंडर,सीलिंग फैन और सोलर बीएलडीसी का निर्माण व बिक्री करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा हाल ही में शेयर धारकों को 1 शेयर पर 1 शेयर के बोनस का तौफा प्रदान किया है। निवेशकों को निरंतर अच्छा रिटर्न देने के कारण और अच्छा वित्तीय प्रदर्शन करने के कारण कंपनी का शेयर निवेशक समुदाय के फोकस में है। आज के लेख में हम कंपनी की कारोबारी गतिविधियां, कारोबारी विस्तार, वित्तीय प्रदर्शन, प्रवर्तक अनुभव और लिस्टिंग के मायने जैसे विषयों पर प्रकाश डालने का प्रयास करेंगे।
कंपनी की कारोबारी गतिविधियां
कंपनी प्रवर्तक अंकित जैन ने बताया कि पिता रोशन जैन इलेक्ट्रिकल विषय में डिप्लोमाधारी हैं और उन्होंने वर्ष 1992 में लघु स्तर पर इलेक्ट्रोनिक्स बिजनेस शुरू किया था। कारोबार को दीर्घ स्तर पर स्थापित करने के लिए वर्ष 2013 में अर्हम टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का इनकॉर्पोरेशन किया गया। कंपनी मुख्य रूप से एलईडी स्मॉर्ट टीवी का निर्माण करती है। कंपनी ‘स्टारशाइन’ ब्रांडनेम के तहत अलग-अलग स्क्रीन साइज के एलईडी टेलीविजन बनाती है। इसके साथ ही कंपनी थर्ड पार्टी निर्माताओं के माध्यम से पंखे, एयर कूलर और मिक्सर ग्राइंडर का निर्माण करवाकर बिक्री करती है। अर्हम टेक्नोलॉजीज लिमिटेड एलईडी टेलीविजन के लिए मूल उपकरण निर्माता (‘ओईएम’) व्यापार मॉडल के तहत काम करती है। कंपनी ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुसार उत्पादों का निर्माण और आपूर्ति करती है जो बाद में इन उत्पादों को अपने ब्रांड के तहत वितरित करते हैं। कंपनी द्वारा ओपन सेल, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट (मेनबोर्ड), कैबिनेट और बैक लाइट यूनिट (बीएलयू) जैसे कच्चे माल चीन और हांगकांग से आयात किए जाते हैं। इसके अलावा अन्य सामान जैसे स्पीकर स्टैंड आदि देश के घरेलू आपूर्तिकर्ताओं से खरीदे जाते हैं। कंपनी रणनीतिक रूप से रायपुर के नए स्मार्ट सिटी में स्थित है, जो देश के सबसे पहले स्मार्ट शहरों में से एक है। छत्तीसगढ़ की सीमाएं सात राज्यों यानी उडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और झारखंड से मिलती हैं जो इन राज्यों को सीधे बाजार की सुविधा देता है। अर्हम टेक्नोलॉजीज लिमिटेड देश में वृहद स्तर पर स्मॉर्ट टीवी ‘स्टारशाइन’ के ब्राण्डनेम से निर्माण एवं बिक्री कर रही है। कंपनी ने गत वर्ष सीलिंग फैन और सोलर बीएलडीसी निर्माण शुरू किया था। इन उत्पादों को बाजार में अच्छा समर्थन हासिल हुआ है।
कारोबारी विस्तार
कंपनी ने कारोबारी विस्तार के तहत गत वर्ष Arham Technologies Limited नवरात्रा स्थापना पर सीलिंग फैन और सोलर बीएलडीसी फैन की निर्माण इकाई में व्यावसायिक उत्पादन शुरू किया था। गत वर्ष ही कंपनी द्वारा नवरात्रा स्थापना परसीलिंग फैन और सोलर बीएलडीसी फैन की निर्माण इकाई में व्यावसायिक उत्पादन शुरू किया गया था। सीलिंग फैन और सोलर बीएलडीसी फैन के निर्माण एवं बिक्री से कंपनी की बिक्री एवं लाभ बढे हैं। अगस्त,2024 में कंपनी ने प्रमुख क्षेत्रों में विस्तार पर ध्यान देने के साथ वितरण और बिक्री नेटवर्क को बढ़ाने के लिए बिक्री के उपाध्यक्ष के रूप में राजीव सिंह की नियुक्ति की है। राजीव सिंह अरहम टेक्नोलॉजीज में 25 वर्षों से अधिक का समृद्ध अनुभव लेकर आये हैं। उन्होंने सैनसुई, डिशटीवी, इंटेक्स और अन्य उपभोक्ता टिकाऊ निर्माताओं जैसी कंपनियों के साथ काम किया है। कंपनी को अपने वितरक विनायक एंटरप्राइजेज के माध्यम से सरकारी आपूर्ति व्यवसाय के लिए छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (सीएसआईडीसी), (छत्तीसगढ़ सरकार का उपक्रम) से विक्रेता पंजीकरण प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। कंपनी ने विभिन्न प्रिंट और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्टारशाईन ब्रांड के प्रचार के लिए अभिनेत्री मोना सिंह के साथ करार किया है, जिन्होंने थ्री इडियट्स, लाल सिंह चड्ढा, ये मेरी फैमिली आदि में अभिनय किया है। कंपनी अपने ब्रांड, स्टारशाइन के तहत गूगल टीवी को लॉन्च किया है। ये अत्याधुनिक स्मार्ट टेलीविजऩ गूगल टीवी को एकीकृत करते हैं, क्यूरेटेड अनुशंसाएँ, वॉयस कमांड के लिए गूगल असिस्टेंट, 10,000 से अधिक ऐप्स तक पहुंच और व्यक्तिगत मनोरंजन विकल्प प्रदान करते हैं। कंपनी ने “अरहम कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड” रायपुर, छत्तीसगढ़, भारत के नाम और शैली में एक पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी को निगमन करवाया है। कंपनी प्रबंधन के अनुसार पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी के निगमन से कंपनी के व्यवसाय संचालन में वृद्धि और परिचालन राजस्व में वृद्धि होगी।
कंपनी की ताकत
कंपनी के प्रवर्तकों का व्यापक अनुभव एवं दक्ष व विशेषज्ञ टीम कंपनी की प्रमुख ताकत है। इसके साथ ही एक संगठन के रूप में स्थिरता, प्रभावी कार्य क्रियान्वयन, ग्राहकों से मजबूत कारोबारी रिश्ते, सूपरिभाषित संगठनात्मक ढांचा, आधुनिक निर्माण इकाई, नये एवं इनोवेटिव उत्पादों का निरंतर विकास, भौगोलिक रूप से रायपुर का पडौसी राज्यों से व्यापारिक फायदा और छत्तिसगढ़ राज्य सरकार की योजनाओं का फायदा कंपनी की प्रमुख ताकत हैं।
कंपनी की भावी योजना
कंपनी आने वाले दिनों में अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में आईओटी डिवाइस, सिक्योरिटी व होम ऑटोमेशन सिस्टम को शामिल करने की योजना पर कार्य कर रही है। कंपनी द्वारा डीलर डिस्ट्रीब्यूटर के माध्यम से उत्पादों की बिक्री की जाती है। हाल ही में कंपनी ने स्वयं को ऑनलाईन प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट पर पंजीकृत किया है। इसके साथ ही कंपनी डी टू सी बिजनेस मॉडल पर उत्पादों की बिक्री करने की योजना पर कार्य कर रही है।
कंपनी के प्रवर्तकों का अनुभव
कंपनी प्रवर्तक 57 वर्षीय रोशन जैन प्रबंध निदेशक है और उन्हें 35 वर्षों का कारोबारी अनुभव है। वर्ष 1988 में उन्होंने उडि़सा के गांव में रेडियो,टेप रिकॉर्डर और टेलिविजन की छोटी की दुकान से कारोबारी शुरुआत की थी। वर्ष 1992 में रायपुर में शिफ्ट होने के बाद उन्होंने समान उत्पादों होलसेल ट्रेडिंग शुरू की और डीलर-डिस्ट्रीब्यूटरशिप नेटवर्क स्थापित किया। उन्होंने लेखांकन, त्वरित निर्णय लेना और संभावित व्यापार विक्रेताओं व ग्राहकों के साथ संबंधों को विकसित करने जैसे कौशल से कारोबारी को नये आयाम दिये। उन्हें विभिन्न विक्रेताओं के साथ काम करने का व्यापक अनुभव है और उन्होंने व्यवसाय के सभी उतार-चढ़ाव का सामना किया है जो व्यवसाय को सफलतापूर्वक चलाने के लिए आवश्यक है।
कंपनी प्रवर्तक 35 वर्षीय अंकित जैन कंपनी के कार्यकारी निदेशक व सीएफओ हैं। उन्हें 12 वर्षों का कारोबारी अनुभव है। उन्होंने इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रोनिक्स में बैचलर डिग्री हासिल की और आईआईटी, दिल्ली से एन्टरप्रेन्योरशिप विषय में डिप्लोमा किया है। उन्होंने अपनी तकनीकी शिक्षा की बदौलत कंपनी के कार्य में आधुनिक यंत्र एवं प्रौद्योगिकी माध्यम से बिजनेस को मॉडर्न बनाया एवं उत्पादों की गुणवत्ता में वांछित सुधार किए। उन्होंने नये उत्पाद विकसित करके कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को अच्छे स्तर पर आगे बढ़ाया।
30 वर्षीय कंपनी प्रवर्तक अनेकांत जैन कंपनी के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ भी हैं। उन्हें 7 वर्षों का कारोबारी अनुभव है। उन्होंने कंप्यूटर साइंस विषय में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है। इसके साथ ही उन्होंने एक्सएल.आरआई. से एंटरप्रेन्योरशिप में सर्टिफिकेट कोर्स किया है। उनकी संचालन प्रबंधन में महत्वपूर्ण विशेषज्ञता होने के कारण कंपनी ने कई मैनुअल प्रकिया को स्वचालित करके अपनी दक्षता में सुधार किया है। उन्होंने नई तकनीक को लागू करने और ग्राहक आधार में वृद्धि करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने टूल्स एवं तकनीकी विशेषज्ञता के अनुभव से कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़ाई है।
लिस्टिंग के मायनेदिसंबर 2022 में कंपनी का IPO से NSE Emerge Platform पर आया था। तब कंपनी ने 42 रुपए प्रति शेयर के भाव पर 22,80,000 शेयर जारी कर 9.58 करोड़ रुपए जुटाए थे। वर्तमान में कंपनी के शेयर का भाव करीब 166.80 रुपए प्रति शेयर चल रहा है। वहीं निवेशकों को कंपनी ने हाल ही में 1 इक्विटी शेयर पर 1 बोनस शेयर का तौफा प्रदान किया है। लिस्टिंग से कंपनी को राष्ट्रीय पहचान मिली है। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर की बढ़त को देखते हुए कंपनी का भविष्य अच्छा लग रहा है।
कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2021 में कंपनी ने 22.80 करोड़ रुपये का राजस्व एवं 2.03 करोड़ रुपये का कर पश्चात शुद्ध लाभ,वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने 37.27 करोड़ रुपये का राजस्व एवं 3.02 करोड़ रुपये का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 48.76 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 3.55 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। एक बार फिर कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 55.23 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 4.86 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 8.79 फीसदी दर्ज किया गया है।
नोट: कंपनी के शेयर में निवेश करने से पूर्व निवेशकों को पंजीकृत निवेश सलाहकारों से सलाह लेनी चाहिए और यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

