Monday, July 13, 2026 |
Home Exclusiveयुवा स्पष्ट और निरंतर प्रयास करें और समझें संघर्ष का महत्व: अंकित खंडेलवाल

युवा स्पष्ट और निरंतर प्रयास करें और समझें संघर्ष का महत्व: अंकित खंडेलवाल

पैशन से प्रोफेशन तक- वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर का सफर

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/रेमेडीज | चारु भाटिया | अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध एंकर, इन्फ्लुएंसर, यूथ आइकन और मोटिवेशनल स्पीकर अंकित खंडेलवाल ने लाइव इवेंट्स की दुनिया में एक अलग पहचान बनाई है। डेस्टिनेशन वेडिंग से लेकर बड़े कॉर्पोरेट आयोजनों तक, हर मंच पर वो अपनी करिश्माई मौजूदगी और प्रोफेशनल अंदाज से छा जाते हैं। दो बार वल्र्ड रिकॉर्ड होल्डर और डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर ग्लोबल पीस अवॉर्ड से सम्मानित वे आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने पिछले दिनों बातचीत कर उनके सफर, चुनौतियों और जुनून से जुड़ी बातें साझा कीं।

आप अपनी शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में बताएं और एंकरिंग व इवेंट मैनेजमेंट से पहले क्या काम किया?
मैंने बी.फार्मा किया और फिर सिम्बायोसिस, पुणे से एमबीए में दाखिला लिया। पिताजी जयपुर के पुराने बाजार में एक प्रसिद्ध मिठाई की दुकान चलाते हैं। मैंने लगभग 15 साल फार्मा कंपनियों जैसे लुपिन और ग्लेनमार्क में कॉर्पोरेट सेक्टर में काम किया। एक बार कंपनी के एक इवेंट में एंकरिंग का मौका मिला और फिर पीछे मुडक़र नहीं देखा।

जब दुनिया पारंपरिक सोच में बंधी हो, तब आपने अलग रास्ता कैसे चुना? क्या आपके माता-पिता ने साथ दिया?
समाज अपने नियमों से चलता है, लेकिन अगर आप अपने पैशन को प्रोफेशन बना लें तो काम में कभी दबाव नहीं लगता। जब आप अपने काम में बेहतरीन होते हैं, तो समाज की सारी आशंकाएं खुद ही दूर हो जाती हैं। शुरुआत में माता-पिता को संदेह था, लेकिन जब उन्होंने मेरी सफलता देखी तो सब ठीक हो गया।

आपकी सोच में आध्यात्मिकता की झलक दिखती है। आप अपने जीवन-दर्शन पर थोड़ा प्रकाश डालें?
मेरा जीवन दर्शन है- “सरल और विनम्र बनो”। जीवन में जो भी हो रहा है, उसे स्वीकार करना बहुत जरूरी है। जब आप सच्चाई को स्वीकार कर लेते हैं, तो जीवन आसान हो जाता है। रतन टाटा जी से एक मुलाकात में मैंने उनकी सादगी से बहुत कुछ सीखा। लायंस क्लब हवामहल से जुडऩे के बाद मेरा नजरिया ‘लेने’ से ‘देने’ की ओर बदल गया।

आपने वर्ष, 2002 में कॉर्पोरेट एंकरिंग शुरू की। अब तक का सफर कैसा रहा है?
सफर शानदार रहा। अब तक मैंने 3000 से ज्यादा शो किए हैं और कई देशों में गया हूं। मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की बेटी की शादी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मेयर कुसुम यादव जैसे कई बड़े कार्यक्रमों की मेजबानी की है। मैंने 72 घंटे की लगातार एंकरिंग कर गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड भी बनाया है।


आपने कई प्रतिष्ठित संगठनों में महत्वपूर्ण पद भी संभाले हैं, कुछ के नाम बताइए?
लायंस क्लब का अध्यक्ष, फोर्टी यूथ विंग का इवेंट चेयरमैन, टैलेंट क्लब का चेयरमैन और रोटरी क्लब में इवेंट चेयरमैन के रूप में कार्य कर रहा हूं। इसके अलावा मैं कई विश्वविद्यालयों में मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में युवाओं को मार्गदर्शन भी देता हूं।

फोर्टी में आपकी क्या जिम्मेदारियां हैं?
मैं फोर्टी के इवेंट्स की नीति निर्माण प्रक्रिया से जुड़ा हूं। इवेंट की पूरी रणनीति तैयार करता हूं और मेरी टीम ट्रैवल, प्रोडक्शन आदि को संभालती है। मैं इवेंट की संपूर्ण व्यवस्था का निरीक्षण भी करता हूं।

आज की युवा पीढ़ी की सोच में आपको क्या चुनौतियां दिखाई देती हैं?
आज के युवाओं में जुनून, मेहनत और निरंतरता तो है लेकिन मोबाइल ने उन्हें बहुत विचलित कर दिया है। वे रियल रिश्तों को भूलते जा रहे हैं। उन्हें चाहिए कि वे स्पष्ट और निरंतर प्रयास करें और संघर्ष के महत्व को समझें।

आपने कई शानदार शो किए हैं। कोई ऐसा पल जो आपके दिल के करीब हो?
उम्मेद भवन का एक इवेंट याद आता है, जिसमें 40 देशों से 45 मेहमान आए थे। हर देश के व्यक्ति ने मेरी तारीफ की, वह पल खास था। एक बार जयपुर पहुंचते ही एक कॉल आया कि जिस एंकर को बुलाया था, वो नहीं आया। शो सीकर में था और कुछ घंटों में शुरू होना था। पहले दो बार मना किया लेकिन फिर गया और शानदार शो किया।

आप इतने परफेक्शन से अपने इवेंट्स कैसे करते हैं?
मैं हर इवेंट के फॉर्मेट को समझने की कोशिश करता हूं। रिसर्च करता हूं, शब्दों पर काम करता हूं, क्योंकि शब्द बहुत मायने रखते हैं। मेरा फॉर्मूला है ३ई- एंटरटेनमेंट, एंगेजमेंट और एनर्जेटिक परफॉर्मेंस।

मैं हमेशा नेचुरल रहने की कोशिश करता हूं। क्या कभी ऐसा हुआ, जब आपके शब्दों ने किसी पर गहरा असर डाला?
ब्रह्माकुमारी के यूथ कॉन्क्लेव में एक सवाल पूछा गया-“खामोशी की ताकत क्या होती है?” मेरे लिए यह बड़ा सवाल था क्योंकि मैं शब्दों से जुड़ा व्यक्ति हूं। मेरा जवाब था-“जहां शब्द खत्म होते हैं, वहां मौन बोलता है।”

आपने कई हस्तियों के साथ काम किया है। उनके कार्यशैली की कौन-सी बातें आपको प्रभावित करती हैं?
पीएम मोदी की ब्रांडिंग और मार्केटिंग स्ट्रैटेजी बहुत प्रभावशाली है। वहीं उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी का प्रबंधन और नेतृत्व कौशल कमाल का है। गोविंदा, अक्षय कुमार जैसे सितारों के साथ भी काम करने का अनुभव शानदार रहा।



You may also like

Leave a Comment