Saturday, July 4, 2026 |
Home Breaking Newsखाने-पीने की चीजों के बाद अब हवाई सफर महंगा

खाने-पीने की चीजों के बाद अब हवाई सफर महंगा

मिडिल ईस्ट तनाव: विमान ईंधन की कीमतों में आई तेजी के बाद एयरलाइन ने भी बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। मिडिल ईस्ट तनाव का असर अब भारत के हवाई यात्रियों पर भी दिखने लगा है। इंडिगो के बाद अब टाटा ग्रुप की कंपनी एयर इंडिया ने भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है। इससे हवाई सफर महंगा हो जाएगा। ग्लोबल मार्केट में विमान ईंधन की कीमतों में आई तेजी के बाद एयरलाइन ने यह फैसला लिया है। नई दरें आज यानी बुधवार 8 अप्रैल से प्रभावी होंगी। हालांकि, कुछ इंटरनेशनल रूट्स पर यह बदलाव 10 अप्रैल से लागू होंगे।

एयरलाइन की जानकारी के अनुसार जेट फ्यूल की कीमतें लगभग दोगुनी होने से लागत बढ़ गई है। विमान ईंधन की औसत कीमत 195.19 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई है, जो फरवरी के अंत में 99.40 डॉलर थी। इससे पहले इंडिगो ने भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया था। एयरलाइंस का फ्यूल सरचार्ज टिकिट पर लगने वाली वह एक्स्ट्रा फीस है, जो तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण वसूली जाती है। यह चार्ज एयरलाइंस को ईंधन के बढ़ते खर्चों से निपटने में मदद करता है। इसे कंपनियां टिकिट के साथ जोड़ देती हैं।

दूरी के हिसाब से लगेगा सरचार्ज
एयर इंडिया ने घरेलू उड़ानों के लिए एक फ्लैट सरचार्ज व्यवस्था को खत्म कर दिया है। अब यात्रियों को दूरी के हिसाब से रुपए देने होंगे। सरचार्ज 299 रुपए से शुरू होकर 899 रुपए तक जाएगा। 500 किलोमीटर तक की उड़ान के लिए यह बढ़ोतरी 299 रुपए की है। 501 से 1,000 किलोमीटर तक की फ्लाइट के लिए 399 रुपए, 1001 से 1500 किलोमीटर के लिए 549 रुपए, 1501 से 2000 किलोमीटर के लिए 749 रुपए और 2000 किलोमीटर से अधिक की दूरी के लिए 899 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। यह नियम एयर इंडिया के साथ-साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस पर भी लागू होगा। विदेशी रूट्स पर भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया गया है।

अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर ज्यादा बढ़ोतरी
अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर एयर इंडिया ने फ्यूल सरचार्ज में ज्यादा बढ़ोतरी की है। इसने बांग्लादेश को छोड़ कर अन्य सार्क रूट्स के लिए 24 डॉलर पश्चिम एशिया या मिडिल ईस्ट के देशों के लिए 50 डॉलर, सिंगापुर छोड़ कर अन्य दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के लिए 100 डॉलर, सिंगापुर के लिए 60 डॉलर, अफ्रीका के लिए 130 डॉलर, यूरोप के लिए 205 डॉलर, नार्थ अमेरिका के लिए 280 डॉलर और ऑस्ट्रेलिया के लिए 280 डॉलर की बढ़ोतरी की है। अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे लंबी दूरी के रूट्स के लिए यात्रियों को 280 डॉलर यानी करीब 23 हजार रुपए ज्यादा चुकाने होंगे।
इंडिगो पहले ही बढ़ा चुकी है

इंडिगो ने बीते दो अप्रैल को ही फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी की थी। कंपनी ने घरेलू उड़ानों पर सरचार्ज में 275 रुपए से 950 रुपए के बीच की बढ़ोतरी की है, जबकि इंटरनेशनल फ्लाइट में 900 रुपए से 10 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी की गई थी।

एटीएफ की कीमतें हो गई है दोगुनी
इस समय दुनिया भर में हवाई जहाज के ईंधन या एटीएफ की कीमतें बढ़ रही हैं। हाल के हफ्तों में यह करीब दोगुनी हो गई हैं। इससे विमानन कंपनियों पर कुछ ज्यादा ही असर पड़ा है।



You may also like

Leave a Comment