देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने जानकारी दी है कि तमिलनाडु स्थित उसके सप्लायर के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में लगी आग के कारण कंपनी के उत्पादन पर अस्थायी असर पड़ सकता है। कंपनी ने यह जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में साझा की। कंपनी के अनुसार 31 May को कांचीपुरम जिले के इरुंगट्टुकोट्टई स्थित मोबिस प्लांट में आग लग गई थी। यह प्लांट हुंडई को ऑडियो कंपोनेंट्स और अन्य ऑटोमोबाइल पार्ट्स की सप्लाई करता है। घटना में किसी भी व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं मिली है।
हुंडई मोटर इंडिया ने बताया कि कंपनी और मोबिस की टीम संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन कर रही हैं। साथ ही उत्पादन और सप्लाई पर पड़ने वाले प्रभाव की भी समीक्षा की जा रही है। कंपनी ने माना है कि इस घटना से मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों में कुछ समय के लिए बाधा आ सकती है, हालांकि फिलहाल कंपनी ने इसकी निश्चित अवधि की जानकारी नहीं दी है। कंपनी ने कहा कि उत्पादन पर असर को कम करने के लिए वैकल्पिक सप्लाई स्रोतों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा सप्लाई निरंतर बनाए रखने के लिए कई जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं ताकि ग्राहकों पर इसका प्रभाव कम से कम पड़े।
हुंडई ने यह भी कहा कि उसके डीलर नेटवर्क में पर्याप्त संख्या में वाहन उपलब्ध हैं, जिससे ग्राहकों की मांग को पूरा किया जा सकेगा। कंपनी को उम्मीद है कि मौजूदा स्टॉक की मदद से बाजार में सप्लाई सामान्य बनी रहेगी। इससे पहले May महीने में हुंडई मोटर इंडिया ने अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया था। कंपनी ने कहा था कि बढ़ती इनपुट लागत, महंगी कमोडिटी कीमतों और बढ़ते परिचालन खर्चों के कारण वाहनों की कीमत में अधिकतम ₹.12,800 तक की बढ़ोतरी की जाएगी। नई कीमतें 1 June से लागू हो चुकी हैं।
कंपनी के अनुसार अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के आधार पर कीमतों में बदलाव किया गया है। वाहन उद्योग में लगातार बढ़ती लागत का असर अब ग्राहकों पर भी दिखाई देने लगा है। बिक्री आंकड़ों की बात करें तो हुंडई मोटर इंडिया ने May में घरेलू बाजार में 47,837 यूनिट वाहनों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 9.1प्रतिशत अधिक रही। वहीं 13,300 यूनिट निर्यात सहित कंपनी की कुल बिक्री 61,137 यूनिट रही, जिसमें सालाना आधार पर 4.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

