बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। वित्तीय संस्थानों के लिए डीएसए के तौर पर फाइनेंशियल प्रोडक्ट की बिक्री करने वाली कंपनी ‘माई मुद्रा फिनकॉर्प लिमिटेड’ आईपीओ प्राइस से डिस्काउंट पर मिल रही है। इस लेख में हम कंपनी की कारोबारी गतिविधियां, कारोबारी विस्तार, वित्तीय प्रदर्शन, प्रबंधकों का अनुभव, आईपीओ के मायने जैसे विषयों पर प्रकाश डालने का प्रयास कर रहे हैं।
कारोबारी गतिविधियां
माय मुद्रा फिनकॉर्प लिमिटेड की स्थापना 2013 में हुई थी और यह भारत में प्रमुख बैंकों और एनबीएफसी के लिए चैनल पार्टनर (डीएसए) के रूप में कार्य करती है। नई दिल्ली में कंपनी का मुख्यालय है। कंपनी वित्तीय उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला के वितरण और बिक्री में माहिर है। एक चैनल पार्टनर के रूप में, कंपनी रेफर किए गए ग्राहकों को सुरक्षित ऋण जैसे कि घर और संपत्ति ऋण, असुरक्षित ऋण जैसे कि व्यवसाय और व्यक्तिगत ऋण, पेशेवर ऋण और साथ ही क्रेडिट कार्ड प्रदान करती है। कंपनी ने बीमा उत्पादों की बिक्री को शामिल करने के लिए अपनी सेवाओं का विस्तार भी किया है। कंपनी के ग्राहकों में निजी व्यक्ति, व्यवसाय और पेशेवर जैसे कि चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) और कंपनी सचिव (सीएस) शामिल हैं। कंपनी में 150 से अधिक पेशेवरों की टीम कार्यरत है। खुद की ब्रांच के अलावा कंपनी फ्रेंचाइजी मॉडल पर काम करती है और 150 से अधिक फ्रेंचाइजी कार्यरत हैं। फिजिटल एप्रोच से कंपनी पूरे देश में सेवाएं प्रदान कर रही है। कंपनी को वित्तीय सेवाएं प्रदान करने का 10 वर्षों का अनुभव है। 15 से अधिक राज्यों में उपस्थिति के साथ कंपनी की सेवाएं राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध है। कंपनी के 10000 से अधिक संतुष्ट ग्राहक हैं। 90 से अधिक बैंक व वित्तीय संस्थाएं कंपनी के साथ जुड़ी हुई है।
कारोबारी विस्तार
कंपनी ने मशीनरी और उपकरण और रूफटॉप सोलर लोन के लिए पसंदीदा भागीदार के रूप में यूजीआरओ कैपिटल के साथ करार किया है। यह सहयोगी करार कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। कंपनी ने हाल ही में पटेल नगर, दिल्ली, देहरादून, उत्तराखंड; बस्ती, उत्तर प्रदेश, बद्दी, हिमाचल प्रदेश और मुजफ्फरपुर, बिहार जैसे स्थानों पर नए शाखा कार्यालय खोलकर अपनी उपस्थिति का विस्तार किया है। कंपनी ने बिहार के प्रमुख शहर पटना में नया ब्रांच ऑफिस खोला है। कंपनी प्रबंधन के अनुसार नई शाखाएं प्रौद्योगिकी और व्यक्तिगत सेवाओं के सही मिश्रण के साथ अत्याधुनिक वित्तीय समाधान प्रदान करने के लिए तैयार हैं। कंपनी ने भारत के अग्रणी बीटूबी मार्केटप्लेस में से एक इंडियामार्ट इंटरमेश लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी आईआईएल डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड के साथ रणनीतिक सहभागिता की है। इस साझेदारी का उद्देश्य कंपनी के पार्टनर नेटवर्क का विस्तार करना है, खासकर टियर 2, 3 और 4 शहरों में। कंपनी के लिए नए गठबंधन नए अवसर पैदा करने, बाजार उपस्थिति को मजबूत करने और दीर्घकालिक सफलता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी निरंतर रूप से डिजिटल और टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर पर निवेश कर रही है।
वित्तीय प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने 28.46 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 0.46 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 53.55 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 3.46 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 71.14 करोड़ रुपए का राजस्व और 8.35 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 30 सितंबर 2024 को समाप्त छमाही में 34.74 करोड रुपए का राजस्व और 2.86 करोड रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी निरंतर रूप से अच्छा वित्तीय प्रदर्शन कर रही है।
प्रबंधन अनुभव
40 वर्षीय वैभव कुलश्रेष्ठ प्रमोटरों में से एक हैं तथा कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हैं। वे 2014 से कंपनी से जुड़े हुए हैं। वे कंपनी की रीढ़ हैं। उन्होंने वर्ष 2005 में डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा, उत्तर प्रदेश से वाणिज्य स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। उन्हें वित्तीय सेवा उद्योग के क्षेत्र में लगभग 14 वर्षों का कार्य अनुभव है। कंपनी के प्रमुख नीतिगत निर्णय लेने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे व्यावसायिक रणनीति बनाने तथा उसके प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे कंपनी के व्यवसाय विकास, लेखा एवं वित्त तथा व्यवसाय के समग्र प्रबंधन के लिए जिम्मेदार हैं।
अभिषेक धाल कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक हैं। उन्हें बिक्री और विपणन में 12 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने प्रबंधन और सूचना विज्ञान संस्थान, भुवनेश्वर से प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा हासिल किया है।
आईपीओ के मायने
आईपीओ के मायने: कंपनी का शेयर एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर लिस्ट है। गत वर्ष सितंबर माह में कंपनी का आईपीओ आया था। सूचीबद्ध होने से कंपनी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है और कंपनी में रिटेल निवेशकों का दायरा भी बढ़ा है।
नोट: सभी आंकड़े कंपनी द्वारा जारी रिपोर्ट से लिए गए हैं। निवेशक कंपनी में निवेश करने से पूर्व पंजीकृत निवेश सलाहकारों से सलाह लेवें।

