बिजनेस रेमेडीज/मुंबई। भारत के सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंकों में से एक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने 3 नए अंचलों की स्थापना के साथ ही अपने मौजूदा अंचल संरचना के पुनर्गठन की घोषणा की। इससे बैंक को अपने व्यवसाय में स्थायित्वपूर्ण वृद्धि प्राप्त करने, ग्राहक सेवा को बेहतर बनाने और परिचालन क्षमता में सुधार करने में मदद मिलेगी। बैंक ने निम्नलिखित नए अंचल स्थापित किए हैं जो दिनांक 1 अप्रैल, 2025 से कार्य आरंभ कर चुके हैं: सूरत अंचल (पहले बड़ौदा अंचल का हिस्सा), वाराणसी अंचल (पहले लखनऊ अंचल का हिस्सा), जोधपुर अंचल (पहले जयपुर अंचल का हिस्सा)।
बैंक ऑफ़ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री देबदत्त चांद तथा बैंक के कार्यपालक निदेशकों द्वारा वर्चुअल माध्यम से तीनों अंचलों का उद्घाटन किया गया।
3 नए अंचलों के गठन के साथ, अब बैंक में कुल 25 अंचल हो गए हैं। यह कदम बैंक की उस महत्त्वाकांक्षी नीति का हिस्सा है जिसके तहत बैंक एक सुदृढ़ संस्थान के रूप में विकेंद्रीकरण, तीव्र व्यवसाय वृद्धि के ज़रिए बेहतर प्रशासनिक नियंत्रण सुनिश्चित करते हुए ग्राहकों को बेहतर सेवा देने की बैंक की क्षमता में वृद्धि का प्रयास कर रहा है। बैंक ऑफ़ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री देबदत्त चांद ने कहा, “हमें 3 नए अंचलों का शुभारंभ करने की घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है। हमारा उद्देश्य अंचलों को अधिक सुसंगत बनाना है ताकि अधिक प्रभावी नियंत्रण और गवर्नेंस के माध्यम से हमारे ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग अनुभव प्रदान किया जा सके और साथ ही बैंक के व्यवसाय में तेज वृद्धि दर्ज की जा सके। नए अंचल हमारे कर्मचारियों को वृद्धि और विकास के नए अवसर प्रदान करेंगे।”

