बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास हमारे लिए सुशासन का मंत्र है। विकास और सुशासन के इस संकल्प में जनता का साथ हमारी ताकत है। उन्होंने कहा कि हम राजस्थान को एक समृद्ध और विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।
शर्मा शुक्रवार को भीलवाड़ा में राजस्थान दिवस कार्यक्रम के तहत आयोजित विकास एवं सुशासन उत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राजस्थान के एकीकरण में अपना अमूल्य योगदान देने वाली महान विभूतियों को, विशेष रूप से लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों के कारण ही राजपूताना की रियासतों का एकीकरण संभव हो सका। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अब से हर साल चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर ही राजस्थान दिवस मनाने का निर्णय किया है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं के दिशा-निर्देश जारी करने के साथ ही 10 हजार करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने नगरीय विकास विभाग से संबंधित डेलीगेशन के आदेश, फायर एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया के सरलीकरण, नए जिलों में डीएमएफटी के गठन, हरित अरावली विकास परियोजना, अन्नपूर्णा भण्डार, रजिस्ट्रार कार्यालय सप्ताह में 2 दिन सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक खुलने के दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर सभी जिलों की पंचगौरव पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इससे स्थानीय क्षमताओं और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिला कलैक्टर चित्तौडग़ढ़ आलोक रंजन, जिला कलैक्टर डूंगरपुर अंकित कुमार सिंह, शासन सचिव कार्मिक के.के.पाठक, महानिदेशक साइबर क्राइम शरद कविराज, महानिदेशक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश को अटल ई-गवर्नेंस स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया।
पत्रकार हेल्थ कवरेज योजना एवं चिकित्सा ऐप का शुभारम्भ
शर्मा ने कहा कि पत्रकार हमारे लोकतंत्र के प्रहरी और चौथा स्तंभ हैं। विकसित राजस्थान के सपने को साकार करने में उनकी भूमिका अहम है। उनके श्रम और समर्पण को सम्मान देते हुए हमारी सरकार ने पत्रकार हेल्थ कवरेज (आरजेएचएस) योजना का शुभारंभ किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए चिकित्सा ऐप लॉन्च किया गया है। इससे मरीज घर बैठे मोबाइल से अपॉइंटमेंट ले सकेंगे।
सुशासन हमारे देश और प्रदेश की प्रगति की कुंजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन हमारे देश और प्रदेश की प्रगति की कुंजी है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुसार अच्छा शासन वही है, जो लोगों की आकांक्षाओं और उम्मीदों के अनुसार काम करे। इसी को ध्येय मानते हुए हमारी सरकार आमजन की बेहतरी और कल्याण के लिए काम कर रही है।

