Tuesday, November 24, 2026 |
Home Editorialगुरु नानक देव जयंती: मानवता, समानता और सद्भाव का प्रकाश पर्व

गुरु नानक देव जयंती: मानवता, समानता और सद्भाव का प्रकाश पर्व

by Business Remedies
0 comments

गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व आज मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाया जाएगा। इसे गुरुपर्व और प्रकाश पर्व भी कहा जाता है। भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा में गुरु नानक देव जी का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी जयंती केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि मानवता, प्रेम, समानता और सेवा के आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर है। गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 में वर्तमान पाकिस्तान के ननकाना साहिब स्थित तलवंडी गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम मेहता कालू और माता का नाम माता तृप्ता था। बचपन से ही उनका झुकाव आध्यात्मिक चिंतन, मानव सेवा और सत्य की खोज की ओर था। उस समय समाज जाति-पांति, ऊंच-नीच, धार्मिक कट्टरता, अंधविश्वास और सामाजिक भेदभाव जैसी कुरीतियों से जूझ रहा था। गुरु नानक देव जी ने अपने विचारों और कार्यों से इन बुराइयों को चुनौती दी। गुरु नानक देव जी की वाणी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी पांच सदी पहले थी। उन्होंने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का मूल मंत्र दिया, इसका अर्थ ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी से परिश्रम करो और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाओ। उनका संदेश स्पष्ट करता है कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य समान हैं। लंगर की परंपरा इसका जीवंत प्रमाण है, जहां बिना किसी जाति, धर्म या वर्ग के भेदभाव के सब एक पंक्ति में बैठकर भोजन करते हैं। यह पर्व हमें सिखाता है कि सच्ची साधना बाहरी दिखावे में नहीं, बल्कि निर्मल चरित्र, सेवा और परोपकार में निहित है। इस प्रकाश पर्व पर प्रत्येक नागरिक को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह अपने आचरण में ईमानदारी, विनम्रता और सहिष्णुता को स्थान देगा। समाज में बढ़ती असमानता और कटुता के बीच हमें संवाद, सहयोग और नि:स्वार्थ सेवा का मार्ग चुनना होगा। वास्तव में गुरु नानक देव जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके बताए मार्ग पर चलेंगे। इस प्रकाश पर्व पर अपने भीतर सेवा, सत्य और मानवता का दीप जलाएं। यही गुरु नानक देव जी के संदेश का सार और समाज के उज्ज्वल भविष्य का आधार है।



You may also like

Leave a Comment