Monday, November 23, 2026 |
Home Editorialबुनियादी उद्योगों में तेजी से विकास की नई उम्मीद

बुनियादी उद्योगों में तेजी से विकास की नई उम्मीद

by Business Remedies
0 comments

किसी भी देश की अर्थव्यवस्था की मजबूती का आकलन उसके बुनियादी उद्योगों के प्रदर्शन से किया जाता है। भारत के आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों को लेकर सामने आए ताजा आंकड़े उत्साहजनक रहे हैं। इससे विकास की नई उम्मीद जगती है। इस वर्ष अक्टूबर में इन उद्योगों के उत्पादन में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 10.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि सितंबर में यह वृद्धि 8.2 प्रतिशत थी। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर तक इन उद्योगों की संचयी वृद्धि दर 6 प्रतिशत रही है। यह आंकड़ा देश की औद्योगिक गतिविधियों में तेजी का संकेत देता है। जहां बुनियादी उद्योगों में कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, इस्पात, सीमेंट और बिजली शामिल हैं। अक्टूबर में लौह अयस्क, कोयले, बिजली तथा सीमेंट में वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि प्राकृतिक गैस, कच्चे तेल और उर्वरक उत्पादन में गिरावट चिंता का विषय है। इससे स्पष्ट है कि औद्योगिक विकास की रफ्तार सकारात्मक होने के बावजूद सभी क्षेत्रों में समान प्रगति नहीं हो रही है। इसके लिए सरकार को बहुआयामी कदम उठाने की आवश्यकता है। सबसे पहले, ऊर्जा, खनन और परिवहन परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण, पर्यावरण स्वीकृति और एकल खिडक़ी प्रणाली को अधिक पारदर्शी व समयबद्ध बनाना होगा। कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस और उर्वरक जैसे पिछड़ रहे क्षेत्रों में अन्वेषण, तकनीक उन्नयन और निवेश प्रोत्साहन के माध्यम से संतुलन साधना जरूरी है। इसके अलावा, हरित ऊर्जा, स्वच्छ तकनीक और लॉजिस्टिक्स दक्षता पर ध्यान केंद्रित करते हुए एमएसएमई क्षेत्र को सस्ता ऋण और आधुनिक तकनीक उपलब्ध करानी चाहिए ताकि बुनियादी उद्योगों की वृद्धि का लाभ छोटे उद्यमों तक भी पहुंचे। इसलिए कहा गया है कि बुनियादी उद्योगों का विस्तार देश के समग्र विकास का आधार है। मजबूत अवसंरचना और बढ़ते औद्योगिक उत्पादन से बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होते हैं, जिससे आम नागरिकों की आय और क्रय शक्ति बढ़ती है। इससे राजकोषीय राजस्व सुदृढ़ होता है, जिसे शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा पर खर्च किया जा सकता है।



You may also like

Leave a Comment