अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर 6.09 प्रतिशत पर पहुंची
खाद्य महंगाई दर भी बढक़र 8.94 प्रतिशत हुई
ग्रामीण इलाकों में महंगाई का दबाव ज्यादा
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
देश में महंगाई एक बार फिर आम आदमी की जेब पर भारी पडऩे लगी है। प्याज, लहसुन, अदरक और नींबू जैसी रोजमर्रा की जरूरत वाली खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण अक्टूबर 2026 में भारत की खुदरा महंगाई दर छह प्रतिशत के पार पहुंच गई। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर सालाना आधार पर बढक़र 6.09 प्रतिशत (प्रोविजनल) हो गई। सितंबर 2026 में यह दर 5.54 प्रतिशत दर्ज की गई थी। यानि एक महीने के दौरान खुदरा महंगाई में 0.55 प्रतिशत अंक यानी 55 आधार अंकों की बढ़ोतरी हुई है।
खुदरा महंगाई में यह तेजी ऐसे समय आई है, जब पिछले कुछ महीनों से महंगाई का दबाव लगातार बढ़ रहा था। अक्टूबर की दर न केवल सितंबर के मुकाबले अधिक है, बल्कि जनवरी 2026 से लागू नई सीपीआई श्रृंखला के तहत अब तक का सबसे ऊंचा स्तर भी है। अक्टूबर 2024 के बाद पहली बार खुदरा महंगाई ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की छह प्रतिशत की ऊपरी सहनशीलता सीमा को पार किया है।
ग्रामीण इलाकों में महंगाई का ज्यादा असर
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में ग्रामीण क्षेत्रों में खुदरा महंगाई दर 6.63 प्रतिशत रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 5.41 प्रतिशत दर्ज की गई। इससे साफ है कि शहरों की तुलना में ग्रामीण आबादी को महंगाई का अधिक सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण परिवारों के घरेलू खर्च में खाद्य वस्तुओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में सब्जियों, अनाज और अन्य जरूरी खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी का असर उनकी मासिक बचत और खर्च करने की क्षमता पर पड़ता है। ग्रामीण और शहरी महंगाई दर के बीच 1.22 प्रतिशत अंक का अंतर भी इस बात की ओर संकेत करता है कि महंगाई का दबाव देश के अलग-अलग क्षेत्रों में समान नहीं है।
खाद्य महंगाई दर में तेज उछाल
अक्टूबर में खुदरा महंगाई बढऩे की सबसे बड़ी वजह खाद्य पदार्थों की कीमतों में आई तेजी रही। खाद्य महंगाई दर सितंबर के 7.74 प्रतिशत से बढक़र अक्टूबर में 8.94 प्रतिशत हो गई। यानि एक महीने में इसमें 1.20 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। ग्रामीण इलाकों में खाद्य महंगाई दर 9.09 प्रतिशत रही। वहीं शहरी क्षेत्रों में यह 8.68 प्रतिशत दर्ज की गई। खाद्य महंगाई में यह तेजी आम परिवारों के बजट को सीधे प्रभावित करती है। खाने-पीने की वस्तुओं पर होने वाला खर्च बढऩे से परिवारों को दूसरे जरूरी खर्चों में कटौती करनी पड़ सकती है। खासकर कम और मध्यम आय वाले परिवारों पर इसका अधिक असर पड़ता है।
प्याज की महंगाई ने बिगाड़ा रसोई का बजट
अक्टूबर में जिन खाद्य वस्तुओं की कीमतों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली, उनमें प्याज सबसे आगे रहा। आंकड़ों के मुताबिक, प्याज की सालाना महंगाई दर 116.22 प्रतिशत तक पहुंच गई। सितंबर में यह 108.13 प्रतिशत थी। इसका मतलब है कि पिछले साल अक्टूबर की तुलना में प्याज की कीमतों में बहुत तेज वृद्धि दर्ज की गई है।
प्याज भारतीय रसोई की प्रमुख जरूरतों में शामिल है। सब्जियों, दालों और कई अन्य व्यंजनों में इसका नियमित इस्तेमाल होता है। ऐसे में इसकी कीमतों में भारी उछाल का असर लगभग हर परिवार के खाद्य बजट पर पड़ता है।
बीते पांच साल में कब-कब बढ़ी खुदरा महंगाई?
पिछले पांच वर्षों में भारत में खुदरा महंगाई दर में कई बड़े उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। कभी खाद्य पदार्थों की कीमतों ने महंगाई बढ़ाई तो कभी ईंधन, वैश्विक बाजार और मौसम से जुड़ी परिस्थितियों ने दबाव बनाया। वर्ष 202 में महंगाई ने 7.79 प्रतिशत का स्तर छुआ। वर्ष 2023 जुलाई में फिर 7.44 प्रतिशत तक पहुंची महंगाई। वर्ष 2024 अक्टूबर में 6.21 प्रतिशत पर महंगाई पहुंची। वर्ष 2025 में महंगाई से बड़ी राहत मिली । इस वर्ष खुदरा महंगाई में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली। वर्ष 2026 में शुरुआत में महंगाई अपेक्षाकृत कम थी। जनवरी में खुदरा महंगाई दर 2.74 प्रतिशत रही। इसके बाद इसमें लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। सितंबर 2026 में यह 5.54 प्रतिशत तक पहुंच गई और अक्टूबर में बढक़र 6.09 प्रतिशत हो गई।
