Friday, October 16, 2026 |
Home Editorialत्योहारों पर साइबर ठगों का साया

त्योहारों पर साइबर ठगों का साया

by Business Remedies
0 comments

त्योहारों का मौसम खुशियां बांटने, खरीदारी करने और अपनों के साथ समय बिताने का अवसर होता है, लेकिन डिजिटल दुनिया में सक्रिय साइबर ठगों के लिए यही मौसम लोगों की जेब पर सेंध लगाने का मौका बनता जा रहा है। ऑनलाइन खरीदारी, आकर्षक छूट, नकली निवेश योजनाओं और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। राजधान जयपुर सहित पूरे देश में सामने आ रहे मामले बता रहे हैं कि साइबर अपराधियों के लिए अब उम्र, पेशा और आर्थिक स्थिति कोई बाधा नहीं है। पढ़े.लिखे और आर्थिक रूप से सक्षम लोग भी उनके जाल में फंस रहे हैं। जयपुर में हाल ही सामने आए मामले इस खतरे की गंभीरता बताते हैं। इन घटनाओं का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि ठग केवल तकनीक का इस्तेमाल नहीं करते, बल्कि इंसान की भावनाओं को भी निशाना बनाते हैं। कहीं गिरफ्तारी का डर है, कहीं बेटे-बेटी के मुसीबत में होने की झूठी कहानी और कहीं कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच। घबराहट में व्यक्ति सही.गलत का फैसला नहीं कर पाता और अपनी जीवनभर की कमाई गंवा बैठता है। त्योहारों पर ऑनलाइन खरीदारी और भुगतान बढऩे के साथ फर्जी वेबसाइट, नकली विज्ञापन, संदिग्ध क्यूआर कोड और संदेशों के जरिए ठगी का जोखिम भी बढ़ता है। सस्ती खरीदारी के लालच में अनजान लिंक खोलना या किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन साझा करने वाले ऐप डाउनलोड करना भारी पड़ सकता है।याद रखें, कोई भी असली पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी वीडियो कॉल पर किसी को डिजिटल अरेस्ट करके पैसे जमा कराने का अधिकार नहीं रखती। अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक विवरण, पिन या स्क्रीन साझा करने की अनुमति न दें। निवेश करने से पहले कंपनी और संबंधित वित्तीय संस्था की प्रामाणिकता जांचें। किसी रिश्तेदार के संकट में होने की सूचना मिले तो घबराने के बजाय उससे किसी दूसरे नंबर पर सीधे संपर्क करें। साइबर अपराध से निपटने की जिम्मेदारी केवल नागरिकों की सतर्कता तक सीमित नहीं रह सकती। बैंकों, पुलिस और दूरसंचार कंपनियों के बीच त्वरित समन्वय, संदिग्ध खातों पर समय रहते कार्रवाई और ठगी की रकम का पता लगाने की मजबूत व्यवस्था जरूरी है। शिकायत मिलने के शुरुआती समय में तेजी से कार्रवाई होने पर रकम बचाने की संभावना बढ़ सकती है।



You may also like

Leave a Comment