Wednesday, October 14, 2026 |
Home Editorialविश्व मानक दिवस: गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वास का आधार

विश्व मानक दिवस: गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वास का आधार

by Business Remedies
0 comments

वैश्विक अर्थव्यवस्था, तकनीकी उन्नति और औद्योगिक उत्पादन के इस दौर में हमारे दैनिक जीवन को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाने में मानकों की भूमिका बहुत जरूरी है। इसकी महत्ता प्रतिपादित करने और इसके प्रति वैश्विक स्तर पर जन-जागरूकता फैलाने के लिए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आज विश्व मानक दिवस मनाया जाएगा। यह दिवस ना केवल उद्योगों और उपभोक्ताओं के बीच तालमेल स्थापित करता है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण के महत्व को भी बताता है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में जब वस्तुओं और सेवाओं का कारोबार पूरी दुनिया में हो रहा है, तब मानकों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। विश्व मानक दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि वर्ष,1946 से जुड़ी है। 14 अक्टूबर, 1946 को लंदन में 25 देशों के प्रतिनिधि अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन की स्थापना के लिए एकत्र हुए थे। इसके बाद 1947 में आईएसओ औपचारिक रूप से अस्तित्व में आया। सितंबर,1969 में आईएसओ परिषद ने आज के दिन विश्व मानक दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। पहली बार 14 अक्टूबर, 1970 को विश्व स्तर पर यह दिवस मनाया गया। तब से यह मानकीकरण के क्षेत्र में कार्य करने वाले विशेषज्ञों और संस्थाओं के योगदान को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर बन गया है। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य विनिर्माताओं, नियामकों और उपभोक्ताओं के बीच इस बात की समझ विकसित करना है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में तकनीकी मानकों का होना क्यों आवश्यक है? खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, विद्युत उपकरणों की सुरक्षा, दवाओं के निर्माण, भवनों की मजबूती, परिवहन व्यवस्था और डिजिटल संचार तक, हर क्षेत्र में मानकों का महत्व है। इनके अभाव में घटिया उत्पादों, दुर्घटनाओं, संसाधनों की बर्बादी और उपभोक्ताओं के शोषण की संभावना बढ़ सकती है। मानकीकरण ही बताते हैं कि विभिन्न उत्पाद और सेवाएं सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के निर्धारित मानदंडों पर खरे उतरें हैं। एक तय मानक उपभोक्ताओं को यह भरोसा दिलाता है कि वे जो तकनीक या वस्तु खरीद रहे हैं, वह विश्वसनीय और टिकाऊ है। आज के तकनीकी युग में, चाहे वह डिजिटल सुरक्षा हो, संचार के साधन हों या पर्यावरण संरक्षण के उपाय, हर जगह मानक एक मार्गदर्शक की तरह कार्य करते हैं। यह दिवस हमें यह याद दिलाता है कि सहमति, सहयोग और नियमों के पालन से ही एक सुरक्षित और विकसित भविष्य का निर्माण हो सकता है।



You may also like

Leave a Comment