Sunday, September 27, 2026 |
Home Corporate Worldएग्रो केमिकल उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री में संलग्न कंपनी है ‘Shivchem Agro Limited’

एग्रो केमिकल उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री में संलग्न कंपनी है ‘Shivchem Agro Limited’

28 सितंबर को खुलेगा और 30 सितंबर 2026 को बंद होगा कंपनी का IPO

by Business Remedies
0 comments

 

नई दिल्ली | बिजनेस रेमेडीज

नई दिल्ली आधारित ‘Shivchem Agro Limited’ एग्रो केमिकल उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री में संलग्न कंपनी है। कंपनी द्वारा वर्किंग कैपिटल जरूरतों का वित्तपोषण करने, कुछ ऋणों का पूर्ण या आंशिक पुनर्भुगतान/पूर्व भुगतान करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति के लिए BSE SME प्लेटफॉर्म पर IPO लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रॉस्पेक्टस से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।

कारोबारी गतिविधियां: सितंबर 2021 में निगमित Shivchem Agro Limited एग्रो केमिकल उत्पादों के निर्माण व बिक्री में लगी हुई है। कंपनी कीटनाशकों (insecticides), फफूंदनाशकों (fungicides), खरपतवारनाशकों (herbicides), प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर, कृंतकनाशकों (rodenticides) और उर्वरकों (fertilizers) का डायवर्सिफाइड पोर्टफोलियो प्रदान कर रही है। कंपनी को 176 एग्रो केमिकल उत्पादों के निर्माण का लाइसेंस प्राप्त है, जिनमें 88 कीटनाशक, 40 फफूंदनाशक, 37 खरपतवारनाशक, 8 प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर और 3 कृंतकनाशक शामिल हैं। इसे 82 उर्वरकों के निर्माण का भी अधिकार प्राप्त है, जिनमें से वर्तमान में यह 8 का निर्माण कर रही है। कंपनी को भारत के आठ राज्यों में अपने उत्पादों की बिक्री, भंडारण, प्रदर्शन और वितरण का लाइसेंस प्राप्त है और 31 मार्च 2026 तक इसके पांच गोदामों द्वारा समर्थित 685 वितरक थे। झज्जर स्थित कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट एग्रो केमिकल उत्पादन के लिए मशीनरी से सुसज्जित है और इसमें अपशिष्ट जल और वायु उत्सर्जन के मैनेजमेंट के लिए एक वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट और वेट स्क्रबर यूनिट शामिल है। कंपनी ISO 9001:2015, ISO 22000:2018 और ISO 31000:2018 सर्टिफाइड है और सॉलिड और लिक्विड फॉर्मूलेशन के निर्माण, आपूर्ति और वितरण के माध्यम से क्रॉप प्रोटेक्शन सॉल्यूशंस प्रदान करती है। कंपनी अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को ऑन-फील्ड प्रोडक्ट डेमोंस्ट्रेशन और कई कृषि बाजारों में सेवा प्रदान करने वाले डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के जरिए बड़े स्तर पर उपलब्ध करवा रही है।

प्रवर्तकों का अनुभव

35 वर्षीय रोहित अग्रवाल कंपनी के प्रवर्तकों में से एक हैं और कंपनी के अध्यक्ष एवं कार्यकारी निदेशक भी हैं। वे कंपनी की स्थापना के समय से ही इससे जुड़े हुए हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से वाणिज्य स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। वे मेसर्स श्री विनायक सिंडिकेट और मेसर्स रोहित ट्रेडिंग कंपनी में मालिक के रूप में तथा मेसर्स प्राइम सेल्स कॉर्पोरेशन में साझेदार के रूप में भी जुड़े रहे हैं। वे अकाउंटिंग, फाइनेंस, प्रोडक्शन और तैयार माल की सप्लाई चेन मैनेजमेंट के लिए जिम्मेदार हैं। उन्हें 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है।

 

42 वर्षीय सचिन अग्रवाल कंपनी के प्रवर्तकों और प्रबंध निदेशकों में से एक हैं। वे कंपनी की स्थापना के समय से ही इससे जुड़े हुए हैं। उन्होंने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर से विज्ञान स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। वे मेसर्स गोयल ट्रेडिंग कंपनी में मालिक के रूप में कार्यरत थे। वे मार्केट डेवलपमेंट, डिस्ट्रीब्यूशन चैनल मैनेजमेंट, ह्यूमन रिसोर्स और एडमिनिस्ट्रेशन के लिए जिम्मेदार हैं। उनके पास 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है।

वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 1,094.96 लाख रुपये का कुल राजस्व और 129.35 लाख रुपये का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 2,750.33 लाख रुपये का कुल राजस्व और 260.15 लाख रुपये का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने 3,383.86 लाख रुपये का कुल राजस्व और 324.86 लाख रुपये का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने करीब 9.61 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन हासिल किया है।

IPO के संबंध में जानकारी: ‘Shivchem Agro Limited’ का IPO BSE SME प्लेटफॉर्म पर 28 सितंबर को खुलकर 30 सितंबर 2026 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपये फेस वैल्यू के 22,60,000 इक्विटी शेयर 59 से 62 रुपये प्रति शेयर के भाव पर जारी कर करीब 14 करोड़ रुपये जुटाए जा रहे हैं। IPO का मार्केट लॉट साइज 2000 शेयरों का है और रिटेल निवेशकों को दो लॉट के लिए आवेदन करना होगा। कंपनी के IPO का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी Shannon Advisors Private Limited द्वारा किया जा रहा है और अंडरराइटर Fincos Technology Solutions Private Limited है।

नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।



You may also like

Leave a Comment