भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में हो रही बढ़ोतरी हर देशवासी के लिए गर्व की बात है। अगर विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ता है, तो बाहरी झटकों से अर्थव्यवस्था को सुरक्षा और मजबूती प्रदान करेगा और निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा। इससे आयात भुगतान, विनिमय दर की स्थिरता और वित्तीय प्रणाली की मजबूती को भी सहारा मिलेगा। विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि अगर वैश्विक परिस्थितियां अनुकूल रहीं और विदेशी निवेश का प्रवाह जारी रहा, तो भारत जल्द ही अपने विदेशी मुद्रा भंडार का नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना सकता है। इससे दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के बीच भारत की वित्तीय स्थिति और अधिक मजबूत होगी। पिछले पांच वर्षों में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगभग 500-600 अरब डॉलर के दायरे से बढक़र पिछले महीने के अंत तक 692.86 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। यह फरवरी, 2026 में बने 728.5 अरब डॉलर के ऑल-टाइम हाई रिकॉर्ड के बेहद करीब है। विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी होने के प्रमुख कारण में एनआरआई जमा योजनाओं और विदेशी मुद्रा अनिवासी खातों के जरिए भारी मात्रा में विदेशी पूंजी आना, रिजर्व बैंक की ओर से लगातार सोने के आरक्षित भंडार की खरीद और उसके वैश्विक मूल्य में उछाल आना रहा है। वहीं देश में मजबूत आर्थिक गतिविधियों के चलते एफडीआई और विदेशी संस्थागत निवेश का आना भी एक कारण रहा है। इसके अलावा केंद्रीय बैंक की ओर से समय-समय पर बाजार में स्थिरता बनाए रखने और पूंजी प्रवाह को संतुलित करने के लिए उठाए गए प्रभावी कदम भी है।कई विश्लेषकों का मानना है कि विदेशी मुद्रा जमाओं और बेहतर पूंजी प्रवाह के कारण आने वाले हफ्तों में यह भंडार आसानी से 700 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर सकता है।

