नई दिल्ली, 7 एजेंसी | Tata Motors Passenger Vehicle (TMPV) ने अपनी ईंधन (पेट्रोल, डीजल और सीएनजी) और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया। नई कीमतें एक जुलाई से लागू होंगी। TMPV की ओर से जारी की गई एक्सचेंज फाइलिंग में कहा गया कि कीमतों में बढ़ोतरी की वजह इनपुट लागत में बढ़ोतरी होना था।
TMPV ने कहा कि वह लागत में हुई बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही है, जबकि हालिया कीमत संशोधन के जरिए बढ़ोतरी का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डाल रही है। कंपनी ने कहा कि कीमत में बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगी। कंपनी ने आगे कहा कि यह कदम Tata Motors की पैसेंजर गाड़ियों की रेंज पर लागू होगा, जिसमें पारंपरिक ईंधन वाली गाड़ियों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक गाड़ियां भी शामिल हैं। Tata Motors के मुताबिक, कीमतों में यह बदलाव इस तरह से किया गया है ताकि लागत बढ़ने के बावजूद उसके प्रोडक्ट्स वैल्यू फॉर मनी रहें। इसके बाद, बीएसई पर TMPV के शेयर 385.60 रुपये पर ऊपर ट्रेड कर रहे थे।
हाल के महीनों में, दूसरी बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों ने भी नए प्रोडक्ट्स और टेक्नोलॉजी में निवेश जारी रखते हुए अपने मुनाफे (मार्जिन) को बनाए रखने के लिए कीमतों में बढ़ोतरी का रास्ता चुना है। पिछले महीने, Hyundai Motor India ने जून से अपनी गाड़ियों की रेंज की कीमतों में 12,800 रुपए तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया था। कंपनी ने इसके लिए इनपुट कॉस्ट में बढ़ोतरी, कमोडिटी की ऊंची कीमतों और ऑपरेशनल खर्चों में बढ़ोतरी का हवाला दिया था। इसी तरह, Maruti Suzuki India ने भी जून से अपने पोर्टफोलियो की कीमतों में 30,000 रुपए तक की बढ़ोतरी की घोषणा की थी और इस फैसले के पीछे इनपुट कॉस्ट में लगातार बढ़ोतरी को वजह बताया था। इसके अलावा, Mahindra & Mahindra (M&M) ने भी इस साल की शुरुआत में अपनी एसयूवी और कमर्शियल गाड़ियों की रेंज की कीमतों में बदलाव किया था।

