Friday, February 20, 2026 |
Home » सैमसंग के आगामी गैलेक्सी S26की कीमत में तीन साल बाद बढ़ोतरी की संभावना

सैमसंग के आगामी गैलेक्सी S26की कीमत में तीन साल बाद बढ़ोतरी की संभावना

by Business Remedies
0 comments
Samsung Galaxy S26 smartphone launch event preview

सियोल,

दक्षिण कोरिया की प्रमुख तकनीकी कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स अपने नए गैलेक्सी स्मार्टफोन की कीमत में वर्ष 2023 के बाद पहली बार बढ़ोतरी कर सकती है। उद्योग से जुड़े जानकारों का कहना है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बढ़ते प्रभाव के कारण मेमोरी चिप की वैश्विक कीमतों में तेजी आई है, जिसका असर अब स्मार्टफोन की कीमतों पर भी दिख सकता है। कंपनी 25 फरवरी को सैन फ्रांसिस्को में गैलेक्सी अनपैक्ड 2026 कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है, जिसकी theme “The Next AI Phone Makes Your Life Easier” रखी गई है। इस कार्यक्रम में गैलेक्सी एस26 पेश किए जाने की व्यापक संभावना है, जो कंपनी की प्रमुख श्रृंखला का नया मॉडल होगा।

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने वर्ष 2023 से अपने मुख्य गैलेक्सी मॉडलों की कीमत स्थिर रखी थी, लेकिन अब मेमोरी लागत में वृद्धि के कारण गैलेक्सी एस26 श्रृंखला में मूल्य संशोधन लगभग तय माना जा रहा है। जनवरी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कंपनी के सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोह ते-मून ने भी संकेत दिया था कि मेमोरी चिप की बढ़ती लागत सैमसंग उत्पादों की कीमतों को प्रभावित कर सकती है। उद्योग सूत्रों के अनुसार, गैलेक्सी एस26 के 256 गीगाबाइट मॉडल की कीमत में लगभग 99,000 वॉन (करीब 68 अमेरिकी डॉलर) तक की वृद्धि हो सकती है। वर्तमान में आधार मॉडल की कीमत 11.5 लाख वॉन निर्धारित है, जो गैलेक्सी एस23 के समय से लागू है।

विशेषज्ञों का कहना है कि AI आधारित उपकरणों के लिए अधिक शक्तिशाली चिप की आवश्यकता पड़ती है, जिससे उत्पादन लागत बढ़ रही है और कीमत बढ़ाना लगभग अनिवार्य हो गया है। हालांकि, कंपनी उपभोक्ताओं की मनोवैज्ञानिक सीमा और प्रतिस्पर्धी कंपनियों की मूल्य नीति को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय लेगी। कंपनी ने पहले जारी बयान में कहा था कि नई गैलेक्सी एस श्रृंखला रोजमर्रा के उपयोग को सरल बनाने, उपयोगकर्ताओं में विश्वास बढ़ाने और गैलेक्सी AI को सहज रूप से एकीकृत अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार की गई है। सूत्रों के मुताबिक, नए गैलेक्सी स्मार्टफोन में एक अंतर्निहित गोपनीयता सुविधा भी दी जा सकती है, जिससे उपयोगकर्ता बिना अतिरिक्त फिल्म लगाए स्क्रीन पर दिखाई देने वाली जानकारी को दूसरों से सुरक्षित रख सकेंगे।



You may also like

Leave a Comment