Friday, July 17, 2026 |
Home Tech WorldReliance Industries की सहायक कंपनी एमईटी झज्जर में 100 एकड़ की परियोजना शुरू करेगी

Reliance Industries की सहायक कंपनी एमईटी झज्जर में 100 एकड़ की परियोजना शुरू करेगी

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआइएल) की अनुषंगी कंपनी मॉडल इकोनॉमिक टाउनशिप लिमिटेड (एमईटी) ने शनिवार को हरियाणा के झज्जर में अपनी एकीकृत टाउनशिप ‘रिलायंस एमईटी सिटी’ के भीतर 100 एकड़ की एक नयी परियोजना शुरू करने की घोषणा की।
रिलायंस इंडस्ट्रीज समूह ने ‘रिलायंस एमईटी सिटी’ विकसित करने के लिए 8,250 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया है। इस एकीकृत स्मार्ट सिटी में जापान सहित 11 देशों की 650 से अधिक कंपनियां पहले ही अपने उद्योग स्थापित कर चुकी हैं। कंपनी ने एक बयान में ‘मेट्रोपोलिस बाय एमईटी सिटी’ की शुरुआत करने की घोषणा की, जिसमें आवासीय और औद्योगिक दोनों तरह के भूखंड शामिल होंगे। यह नयी परियोजना कुल 140 एकड़ में फैली हुई है, जिसके पहले चरण में कंपनी ने 100 एकड़ जमीन बिक्री के लिए पेश की है।

आवासीय श्रेणी में 112 वर्ग गज से लेकर 179 वर्ग गज तक के भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं। मॉडल इकोनॉमिक टाउनशिप लिमिटेड ने इस नयी परियोजना के विकास पर होने वाले निवेश या इससे मिलने वाले संभावित राजस्व का खुलासा नहीं किया है। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और पूर्णकालिक निदेशक श्रीवल्लभ गोयल ने कहा, ‘मेट्रोपोलिस, रिलायंस एमईटी सिटी के हमारे दृष्टिकोण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम केवल एक आवासीय परियोजना नहीं बना रहे हैं, बल्कि एक सुव्यवस्थित परिवेश तैयार कर रहे हैं जहां लोग अपने कार्यस्थल और भविष्य के अवसरों के करीब रह सकें।’ बयान के अनुसार, इस परियोजना में आवासीय प्लॉट 99,000 रुपये से 1,10,000 रुपये प्रति वर्ग गज की कीमत पर दिए जा रहे हैं।



You may also like

Leave a Comment