कोयला उत्पादन में भारत निरंतर आगे बढ़ रहा है। इसका प्रमुख कारण कोयला मंत्रालय आबद्ध और वाणिज्यिक कोयला खनन के लिए एक स्थिर और प्रदर्शन उन्मुख वातावरण बनाने की ओर बढ़ रहा है। निरंतर नीतिगत सुविधा, गहन प्रदर्शन निगरानी और हितधारकों के साथ समन्वित जुड़ाव के जरिए मंत्रालय विश्वसनीय कोयले की उपलब्धता निश्चित करने, प्रमुख क्षेत्रों में निर्बाध संचालन का समर्थन करने और देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहा है। दिसंबर, 2025 तक भारत का कोयला उत्पादन काफी मजबूत रहा। खासकर वाणिज्यिक और आबद्ध खदानों में वृद्धि के साथ, पर कोल इंडिया लिमिटेड के संचयी उत्पादन में थोड़ी गिरावट थी, हालांकि दिसंबर में उसका उत्पादन बढ़ा है। वर्ष, 2026 में लगता है कि यह उछाल बरकरार रहेगी, क्योंकि नीतिगत सुधार और निजी क्षेत्र के योगदान से ऊर्जा मांग पूरी करने में मदद मिलेगी। इन सबके बावजूद कोल इंडिया को निजी खदानों से प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। निजी और वाणिज्यिक खदानों से उत्पादन बढऩे से सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की कमी पूरी होने की उम्मीद है, जिससे देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा। वहीं वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान दिसंबर, 2025 में आबद्ध और वाणिज्यिक खदानों से कोयले के उत्पादन और आपूर्ति में स्थिर वृद्धि दर्ज की गई। इस अवधि में उत्पादन 19.48 मिलियन टन (एमटी) रहा, जबकि इस माह के दौरान कोयले की आपूर्ति 18.02 मिलियन टन (एमटी) रही। गत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में उत्पादन में यह 5.75 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि को बताता है। निजी क्षेत्र से प्रतिस्पर्धा बढऩे के बावजूद कुल मिलाकर उत्पादन में वृद्धि का अनुमान है ताकि 2026 में ऊर्जा मांग को पूरा किया जा सके। कोयला उत्पादन एक मजबूत मोड़ पर है, जहां वाणिज्यिक खनन और रणनीतिक नीतियों से वृद्धि को बढ़ावा मिल रहा है।

