बिजऩेस रेमेडीज/लक्ष्मणगढ़ Mody Schoolमें सत्र 2025-26 के लिए नेतृत्व पद-ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन 18 जुलाई 2025 को विद्यालय के हरिदास सभागार में अत्यंत गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मोदी विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष संजीव कुमार अग्रवाल उपस्थित रहे।
उप-प्रधानाचार्या डॉ. दीपिका सूद ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि महोदय का हार्दिक स्वागत किया। दीप प्रज्वलन एवं उद्घोषणा के साथ उपाध्यक्ष महोदय द्वारा समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के कुलगीत -‘निर्माणों के पावन युग में’ – से हुई। इसके उपरांत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत बैंड वादन ने सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस विशेष अवसर पर मुख्य उत्तरदायित्वों के लिए विभिन्न नेतृत्व पदों का चयन किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से – प्रधान छात्रा, शैक्षिक प्रमुख, अनुशासन प्रमुख, क्रीड़ा प्रमुख, सांस्कृतिक प्रमुख, साहित्य प्रमुख तथा व्हाइट काउंसलर पद सम्मिलित हैं। मुख्य अतिथि संजीव कुमार अग्रवाल एवं उप-प्रधानाचार्या डॉ. दीपिका सूद द्वारा चयनित छात्राओं को उत्तरदायित्व सैश एवं बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में विद्यालय के चारों सदनों – गार्गी, कस्तूरबा, लीलावती तथा सरोजिनी – की हाउस कैप्टन एवं वाइस हाउस कैप्टन को नामित कर उन्हें उनके-अपने सदनों की नेतृत्व-भूमिका सौंपी गई। इस अवसर पर कक्षा प्रतिनिधियों तथा आवासीय छात्रावास प्रमुखों का भी मनोनयन किया गया, जिन्हें वरिष्ठ विद्यालय समन्वयक डॉ. ललिता सिंह एवं श्रीमती छगन सामौर द्वारा बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन उप-प्रधानाचार्या डॉ. दीपिका सूद द्वारा सभी चयनित छात्राओं को कर्तव्यपरायणता, निष्ठा एवं सेवाभाव की शपथ दिलवाकर किया गया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य ‘गुरु: देवो महेश्वर’ ने समस्त वातावरण को आध्यात्मिकता एवं भारतीय सांस्कृतिक भावों से सराबोर कर दिया। अंत में प्रधान छात्रा नारायणी अरोड़ा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना के विकास को विद्यार्थी जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बताते हुए इस आयोजन को प्रेरणास्पद एवं सफल प्रयास बताया। उन्होंने समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, उप-प्रधानाचार्या महोदया, सभी शिक्षकगण, अभिभावकों एवं समस्त अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

