Wednesday, July 15, 2026 |
Home Tech Worldवैश्विक पीसी शिपमेंट में आई 4.9 प्रतिशत की गिरावट

वैश्विक पीसी शिपमेंट में आई 4.9 प्रतिशत की गिरावट

by Business Remedies
0 comments

वैश्विक पीसी शिपमेंट में आई 4.9 प्रतिशत की गिरावट
दूसरी तिमाही में मेमोरी चिप की कमी और भू-राजनीतिक तनाव का असर
दूसरी छमाही में भी बाजार पर दबाव और कीमतें बढऩे की आशंका
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
वैश्विक पर्सनल कंप्यूटर (पीसी) शिपमेंट में इस वर्ष की दूसरी तिमाही के दौरान वर्ष-दर-वर्ष 4.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इंटरनेशनल डेटा कॉरपोरेशन (आईडीसी) की रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया भर में पीसी की कुल शिपमेंट घटकर लगभग 6.82 करोड़ यूनिट रह गई। मेमोरी चिप की कमी, भू-राजनीतिक तनाव और सप्लाई चेन से जुड़ी चुनौतियों के कारण लगातार नौ तिमाहियों की बढ़त के बाद पहली बार वैश्विक पीसी शिपमेंट में गिरावट दर्ज की गई।
मेमोरी चिप की कमी बनी सबसे बड़ी वजह
आईडीसी के अनुसार, दूसरी तिमाही में वैश्विक पीसी शिपमेंट घटने का सबसे बड़ा कारण मेमोरी चिप की कमी रही। इसके अलावा कई देशों के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और सप्लाई चेन पर पड़े दबाव ने भी उत्पादन और आपूर्ति को प्रभावित किया। इन कारणों से वैश्विक स्तर पर पीसी की शिपमेंट 4.9 प्रतिशत घटकर लगभग 6.82 करोड़ यूनिट रह गई।
लेनोवो पहले स्थान पर, एचपी और डेल की शिपमेंट में कमी
24.4 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ लेनोवो ने पहली रैंक बरकरार रखी, हालांकि उसकी शिपमेंट में 2.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। 19.1 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ एचपी दूसरे स्थान पर रही, लेकिन उसकी शिपमेंट करीब नौ प्रतिशत घटी। वहीं 13.6 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ डेल तीसरे स्थान पर रहा और उसकी शिपमेंट में भी लगभग पांच प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
एप्पल ने सुस्ती के बीच दर्ज की दोहरे अंकों की बढ़त
वैश्विक बाजार में सुस्ती के बावजूद एप्पल ने बेहतर प्रदर्शन किया। कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 9.9 प्रतिशत रही और उसकी पीसी शिपमेंट वर्ष-दर-वर्ष 10.1 प्रतिशत बढ़ी। मैकबुक सीरीज की मजबूत मांग और हाल ही में लॉन्च किए गए मैकबुक नियो ने कंपनी की वृद्धि को समर्थन दिया। लागत का दबाव होने के बावजूद एप्पल प्रतिस्पर्धियों की तुलना में बेहतर स्थिति में रही।
दूसरी छमाही में भी दबाव रहने के संकेत
आईडीसी का अनुमान है कि मौजूदा वर्ष की दूसरी छमाही में भी वैश्विक पीसी शिपमेंट पर दबाव बना रह सकता है। कमजोर वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां, मेमोरी कंपोनेंट्स की कमी और बढ़ती उत्पादन लागत के चलते बाजार में तेजी लौटने की संभावना फिलहाल कम है। रिपोर्ट के अनुसार, कई कंपनियों ने बढ़ती लागत की भरपाई के लिए उत्पादों की कीमतें बढ़ाने की तैयारी भी शुरू कर दी है।



You may also like

Leave a Comment