निवेशक 8 दिसम्बर 2025 तक कर सकेंगें कंपनी के आईपीओ में आवेदन
बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। हरियाणा के अंबाला आधारित ‘वेस्टर्न ओवरसीज स्टडी अब्रॉड लिमिटेड’ शैक्षिक और आव्रजन सलाहकार सेवाएं तथा वीज़ा सलाह देने का काम करने वाली कंपनी है। कंपनी द्वारा ब्रांड की जागरूकता और दृश्यता बढ़ाने के लिए विज्ञापन व्यय का वित्तपोषण करने, सॉफ़्टवेयर के अधिग्रहण और स्थापना का वित्तपोषण करने, कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया उधारों के सभी या कुछ हिस्से का पूर्व भुगतान या पुनर्भुगतान और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर 8 दिसम्बर 2025 को होगा बंद।
कारोबारी गतिविधियां: 2013 में निगमित, वेस्टर्न ओवरसीज स्टडी अब्रॉड लिमिटेड शैक्षिक और आव्रजन सलाहकार सेवाएं प्रदान करने तथा वीज़ा सलाह देने में संलग्न है। कंपनी विदेश में शिक्षा या करियर के अवसरों की तलाश कर रहे व्यक्तियों के लिए भाषा प्रशिक्षण (आईईएलटीएस, टीओईएफएल, पीटीई, सीईएलपीआईपी, डुओलिंगो, लैंग्वेज सर्ट), विदेशी भाषा पाठ्यक्रम (फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश), परामर्श सेवाएँ और कार्यशालाएं भी प्रदान करती है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 10.21 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 0.45 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 20.37 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 1.19 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 22.96 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 2.21 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2026 की 30 जून 2025 को समाप्त अवधि में कंपनी ने 4.97 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 0.54 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि वर्ष दर वर्ष कंपनी का राजस्व एवं लाभ बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2025 को समाप्त अवधि में कंपनी ने 9.73 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2026 की 30 जून 2025 को समाप्त अवधि में कंपनी की कुल असेट 13.87 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 7.07 करोड़ रुपए, रिजर्व एवं सरप्लस 2.86 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 4.63 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘वेस्टर्न ओवरसीज स्टडी अब्रॉड लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आज खुलकर 8 दिसम्बर 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा 10 रुपए फेसवैल्यू के 17,98,000 शेयर 56 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 10.07 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 2000 शेयरों का है और रिटेल निवेशकों 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी सौभाग्य कैपिटल ऑप्शंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

