मुंबई, 23 अप्रैल 2025: भारत के प्रमुख म्यूचुअल फंड कंपनियों में से एक, यूटीआई एसेट मैनेजमेंट कंपनी (यूटीआई एएमसी) ने अग्रणी फिनटेक समाधान प्रदाता साइब्रिला के साथ मिलकर ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) नेटवर्क के साथ एकीकरण की घोषणा की है।
यह रणनीतिक पहल यूटीआई एएमसी की वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और निवेश के अवसरों को सभी तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ओएनडीसी के जरिए, यूटीआई म्यूचुअल फंड का लक्ष्य देशभर में, खासकर टियर 2 और टियर 3 शहरों में, जहां वित्तीय सेवाओं की पहुंच सीमित है, लोगों के लिए म्यूचुअल फंड निवेश को आसान और सुलभ बनाना है।
इस पहल पर टिप्पणी करते हुए यूटीआई एएमसी के मुख्य वित्तीय अधिकारी श्री विनय लखोटिया ने कहा, ‘यह एकीकरण हमारी वित्तीय समावेशन की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हम अपने निवेश उत्पादों को व्यापक निवेशक समुदाय तक ले जाने और नए निवेशकों को सशक्त बनाने के लिए उत्साहित हैं। यह सहयोग हर किसी को भारत की विकास यात्रा में शामिल होने का समान अवसर देगा और धन सृजन में हमारा विश्वसनीय साथी बनेगा।‘
ओएनडीसी में वित्तीय सेवाओं के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हृषिकेश मेहता ने कहा, ‘साइब्रिला के माध्यम से यूटीआई एएमसी का ओएनडीसी नेटवर्क से जुड़ना निवेश को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह सहयोग उस नवाचार को दर्शाता है, जिसे हम प्रोत्साहित करना चाहते हैं, जहां यूटीआई जैसे विश्वसनीय संस्थान उन लोगों तक पहुंच सकते हैं, जो अब तक पारंपरिक वित्तीय सेवाओं से वंचित रहे हैं। यह एक महत्वपूर्ण बदलाव है: धन सृजन के उपकरणों को आसान व सुलभ भरोसेमंद डिजिटल प्रणालियों के जरिए लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य है, जिन पर वे पहले से भरोसा करते आए हैं।‘
ओएनडीसी, वाणिज्य मंत्रालय के डीपीआईआईटी की एक पहल है, जिसका उद्देश्य डिजिटल लेन-देन के लिए एक इंटरऑपरेबल ओपन नेटवर्क की स्थापना कर डिजिटल कॉमर्स का लोकतंत्रीकरण करना है। ओएनडीसी के खुले प्रोटोकॉल का उपयोग कर, यूटीआई एएमसी नए निवेशकों, खासकर कम आय वाले और ग्रामीण समुदायों को म्यूचुअल फंड उत्पादों तक पहुंच प्रदान करेगा, जिससे वे वित्तीय स्वतंत्रता की ओर कदम बढ़ा सकें।
अप्रीशिएट वेल्थ जैसे फिनटेक भागीदारों के साथ यूटीआई की यह पहल शहरी-ग्रामीण निवेश अंतर को पाटने और भारत की डिजिटल बुनियादी ढांचे की क्षमता को अनलॉक करने की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम है।

