Saturday, August 15, 2026 |
Home Main News‘देशवासियों का विकास ही विकसित भारत का लक्ष्य’

‘देशवासियों का विकास ही विकसित भारत का लक्ष्य’

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश की आर्थिक प्रगति, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, सामाजिक कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवा शक्ति, और विदेश नीति समेत विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति का उल्लेख किया

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश की आर्थिक प्रगति, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, सामाजिक कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवा शक्ति, पर्यावरण संरक्षण और विदेश नीति समेत विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सभी भारतवासियों का विकास और कल्याण ही विकसित भारत के निर्माण का वास्तविक लक्ष्य है।
गरीबी उन्मूलन और जनकल्याण योजनाओं की उपलब्धियां
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि देश में 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है। प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत लगभग 59 करोड़ खाताधारक बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े हैं, जिनमें 32 करोड़ से अधिक महिला खाताधारक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराकर खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। वहीं, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 60 करोड़ लोगों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
डिजिटल भारत और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने विश्व का सबसे बड़ा और बेहतर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया है। गांवों की छोटी दुकानों और रेहड़ी-पटरी तक डिजिटल भुगतान की सुविधा पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि दुनिया के आधे से अधिक वास्तविक समय डिजिटल लेनदेन भारत में हो रहे हैं। साथ ही हाईवे, जलमार्ग, रेलवे और हवाई मार्ग के रूप में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे नए उद्योग, रोजगार और निवेश के अवसर बढ़ रहे हैं।
महिला सशक्तीकरण और युवा शक्ति बनी देश की ताकत
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में देश की बेटियां बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ रही है। स्वयं सहायता समूहों से 10 करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। मुद्रा योजना के लाभार्थियों में लगभग दो तिहाई महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि देश की 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है और यही युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी संपदा है। युवा प्रतिभाओं ने अंतरिक्ष, उद्योग और विभिन्न क्षेत्रों में देश का गौरव बढ़ाया है।
पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक स्तर पर बढ़ता भारत का सम्मान
राष्ट्रपति ने कहा कि आधुनिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी भारत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। नवीकरणीय ऊर्जा के विकास को पिछले वर्षों में तेज गति मिली है। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति देशहित पर आधारित है और कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से आर्थिक सहयोग बढ़ाया गया है। ग्लोबल साउथ में भारत अग्रणी भूमिका निभा रहा है और विश्व मंच पर देश का सम्मान बढ़ा है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत को नक्सल मुक्त बनाना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि देश प्रेम की भावना के साथ सभी मिलकर स्वतंत्र भारत को विकसित भारत बनाने की राष्ट्रीय साधना में योगदान दें।



You may also like

Leave a Comment