बिजनेस रेमेडीज/मुंबई। भारत की सबसे बड़ी वाणिज्यिक वाहन निर्माता कंपनी TATA Motors ने घोषणा की है कि उसे उत्तर प्रदेश राज्य सडक़ परिवहन निगम से 1,297 बस चेसिस का बड़ा ऑर्डर मिला है। यह एक साल में यूपीएसआरटीसी से मिला तीसरा ऑर्डर है, जिससे कुल ऑर्डर संख्या बढक़र 3,500 यूनिट्स हो गई है। यह ऑर्डर प्रतिस्पर्धी ई-बिडिंग प्रक्रिया के जरिए हासिल किया गया, जिसमें कंपनी ने एलपीओ 1618 डीजल बस चेसिस के लिए चयनित किया गया। चेसिस की आपूर्ति परस्पर सहमति के आधार पर चरणबद्ध तरीके सेकी जाएगी। टाटा एलपीओ 1618 डीजल बस चेसिस को खासतौर पर इंटरसिटी और लंबी दूरी की यात्राओ के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह चेसिस अपनी बेहतरीन परफॉर्मेंस, यात्रियों के लिए आरामदायक अनुभव और स्वामित्व की कम लागत के लिए मशहूर है। इस नए ऑर्डर के साथ टाटा मोटर्स ने एक बार फिर साबित किया है कि वह सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में विश्वसनीय और पसंदीदा नाम है। टाटा मोटर्स के कमर्शियल पैसेंजर व्हीकल बिजनेस के वाइस प्रेसिडेंट और हेड आनंद एस.ने इस घोषणा पर कहा, “हम उत्तर प्रदेश सरकार और यूपीएसआरटीसी का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने हमें आधुनिक बस चेसिस की डिलीवरी का मौका दिया। यह ऑर्डर हमारे मोबिलिटी समाधानों की गुणवत्ता और सटीक आपूर्ति के प्रति हमारी मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यूपीएसआरटीसी की लगातार बदलती जरूरतों को पूरा करने में हमारा प्रदर्शन शानदार रहा है। यह हमारे तकनीकी कौशल और विश्वसनीयता को साबित करता है। हम उनके मार्गदर्शन के अनुसार आपूर्ति शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।” दिसंबर 2023 में 1,350 बसों और अक्टूबर 2024 में 1,000 बसों के सफल ऑर्डर के बाद, यह नया ऑर्डर टाटा मोटर्स को एक बार फिर सेएसटीयू (स्टेट ट्रांसपोर्ट यूनिट्स) और फ्लीट मालिकों के लिए पसंदीदा समाधान प्रदाता के रूप में स्थापित करता है। टाटा मोटर्स के उत्पाद आज भारत के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क का अहम हिस्सा बन चुके हैं।
ये बसें देश के शहरी और ग्रामीण इलाकों को आपस में जोडऩे का काम कर रही हैं, जिससे लाखों नागरिकों के लिए यात्रा सुविधाजनक और सुचारू हो रही है। यह ऑर्डर टाटा मोटर्स की उस विजन को मजबूत करता है, जहां हर भारतीय की यात्रा सुरक्षित, आरामदायक और किफायती हो।

