बिजनेस रेमेडीज/मुंबई(आईएएनएस)। भारतीय ऑटोमोबाइल निर्माता टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने रविवार को कहा कि घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) सहित कंपनी की बिक्री जनवरी 2026 में 71,066 यूनिट रही, जो साल-दर-साल आधार पर 47.1 प्रतिशत की वृद्धि है। जनवरी 2025 में ईवी सहित कुल बिक्री 48,316 यूनिट रही थी।
कंपनी के अनुसार, इलेक्ट्रिक वाहनों सहित पैसेंजर व्हीकल की घरेलू बिक्री जनवरी 2026 में 70,222 यूनिट रही, जो एक साल पहले के 48,076 यूनिट के मुकाबले 46.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। इसके अलावा, पैसेंजर व्हीकल के अंतरराष्ट्रीय कारोबार की बिक्री जनवरी 2026 में 844 यूनिट रही, जो जनवरी 2025 के 240 यूनिट के मुकाबले 251.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। अंतर्राष्ट्रीय कारोबार और घरेलू बाजार में इलेक्ट्रिक वाहन बिक्री जनवरी 2026 में 9,052 यूनिट रही, जो साल-दर-साल 72.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। कंपनी ने दिसम्बर 2024 में एक बड़ी उपलब्धि साझा की थी कि भारतीय सडक़ों पर 2.5 लाख से अधिक टाटा.ईवी कारें चल रही हैं। टाटा की नेक्सॉन.ईवी ने भी इतिहास रचते हुए भारत की पहली इलेक्ट्रिक कार बनने का गौरव हासिल किया, जिसकी कुल बिक्री एक लाख के आंकड़े को पार कर गई।
टाटा मोटर्स ने दिसम्बर में कहा था कि भारत में बिकने वाले कुल इलेक्ट्रिक पैसेंजर वाहनों में उसका लगभग 66 प्रतिशत हिस्सा है, यानी सडक़ों पर चलने वाली हर तीन में से लगभग दो ईवी टाटा समूह की हैं।
कंपनी के ईवी पोर्टफोलियो में टियागो.ईवी, पंच.ईवी, नेक्सॉन.ईवी, कर्व.ईवी और हैरियर.ईवी शामिल हैं। भारी उद्योग मंत्रालय ने 2025 के दौरान ऑटो सेक्टर के लिए प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव योजना के तहत रिकॉर्ड निवेश और पीएम ई-ड्राइव पहल के सफल कार्यान्वयन के जरिए इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से अपनाने की दिशा में भारत के संक्रमण को गति दी।
वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान पीएलआई-ऑटो योजना के तहत 1,999.94 करोड़ रुपये के दावे वितरित किए गए। 31 दिसम्बर 2025 तक 13.61 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए प्रोत्साहन प्रदान किया गया है, जिनमें 10.42 लाख से अधिक दोपहिया वाहन, 2.38 लाख से अधिक तिपहिया वाहन, 79,540 इलेक्ट्रिक कारें और 1,391 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं, एक आधिकारिक बयान में कहा गया।

