चेन्नई। रेनो इंडिया ने भारत में अपनी प्रतिष्ठित एसयूवी नई जनरेशन Renault Duster का आधिकारिक अनावरण कर दिया है। यह मॉडल Renault International Game Plan 2027 के तहत भारतीय बाजार में पेश किया गया पहला उत्पाद है, जो कंपनी की दीर्घकालिक रणनीति में भारत की अहम भूमिका को दर्शाता है।
नई डस्टर को खासतौर पर भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, जिसमें करीब 90 प्रतिशत कंपोनेंट्स लोकलाइज्ड हैं। यह एसयूवी आधुनिक और मस्कुलर डिजाइन के साथ आती है और इसमें 212 मिमी का ग्राउंड क्लियरेंस दिया गया है, जो इसे शहरी सड़कों के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण रास्तों के लिए भी उपयुक्त बनाता है। बेहतर व्हीकल डायनामिक्स के साथ नई डस्टर ड्राइविंग अनुभव पर खास फोकस करती है।
पावरट्रेन के मोर्चे पर, नई Renault Duster में Turbo TCe 160 और Turbo TCe 100 पेट्रोल इंजन विकल्प दिए गए हैं। इसके अलावा, भारत में पहली बार 1.8 लीटर इंजन और 1.4 kWh बैटरी से लैस Strong Hybrid E-Tech 160 सिस्टम पेश किया गया है, जो शहर में 80 प्रतिशत तक इलेक्ट्रिक मोड में ड्राइव करने की क्षमता रखता है, जिससे बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी और कम उत्सर्जन सुनिश्चित होता है।
टेक्नोलॉजी के मामले में भी नई डस्टर सेगमेंट में नया बेंचमार्क स्थापित करती है। यह पहली बार Google Built-in के साथ OpenR Link Multimedia System के साथ पेश की गई है, जो कनेक्टिविटी और यूज़र एक्सपीरियंस को एक नए स्तर पर ले जाती है। सुरक्षा के लिहाज से, यह एसयूवी 5-स्टार सेफ्टी मानकों के अनुरूप प्लेटफॉर्म पर आधारित है और इसमें 17 ADAS फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी इसके साथ 7 साल तक की वारंटी भी प्रदान कर रही है।
नई Renault Duster की कीमतों की घोषणा मार्च 2026 में की जाएगी, जबकि इसकी डिलीवरी अप्रैल 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।

