Saturday, July 11, 2026 |
Home Business and EconomyBIKAJI के संस्थापक शिव रतन अग्रवाल का चेन्नई में निधन, उद्योग जगत में शोक

BIKAJI के संस्थापक शिव रतन अग्रवाल का चेन्नई में निधन, उद्योग जगत में शोक

by Business Remedies
0 comments
Image related to Shiv Ratan Agarwal and Bikaji brand

जयपुर,

देश के प्रसिद्ध उद्योगपति और बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल के संस्थापक शिव रतन अग्रवाल का गुरुवार सुबह चेन्नई में निधन हो गया। 74 वर्ष की आयु में उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उनका देहांत हो गया। यह दुखद घटना उस समय हुई जब वह अपनी पत्नी के उपचार के लिए परिवार सहित चेन्नई गए हुए थे। परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, उनकी पत्नी की हाल ही में दिल की बाईपास सर्जरी हुई थी और डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी थी। इसी कारण पूरा परिवार चेन्नई के एक होटल में ठहरा हुआ था, जहां उनकी देखभाल चल रही थी।

गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे शिव रतन अग्रवाल की तबीयत अचानक खराब हो गई। उनकी स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर से उद्योग जगत और उनके जानने वालों में शोक की लहर फैल गई। शिव रतन अग्रवाल ने बीकानेर से बीकाजी ब्रांड की शुरुआत की थी और एक छोटे से कारोबार को देश की अग्रणी पैकेज्ड स्नैक कंपनियों में बदल दिया। उनकी कंपनी की शुरुआत ‘शिवदीप फूड्स प्रोडक्ट्स’ के नाम से हुई थी, जिसका नाम उनके पुत्र दीपक अग्रवाल के नाम पर रखा गया था। समय के साथ यही कंपनी आगे बढ़ते हुए बीकाजी ब्रांड के रूप में स्थापित हुई।

परिवार के पुराने कारोबार, जो हल्दीराम से जुड़ा था, में विभाजन के बाद शिव रतन अग्रवाल ने अपना अलग रास्ता चुना। उन्होंने बीकानेर में भुजिया निर्माण का कार्य शुरू किया और धीरे-धीरे इसे एक बड़े उद्योग के रूप में विकसित किया। उनके प्रयासों और दूरदृष्टि ने बीकाजी को देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी पहचान दिलाई। वर्ष 1993 में कंपनी का नाम बदलकर ‘बीकाजी’ रखा गया, जो बीकानेर के संस्थापक राव बीका से प्रेरित था। इस नाम ने ब्रांड को क्षेत्रीय पहचान के साथ वैश्विक स्तर पर भी आकर्षण प्रदान किया।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी शिव रतन अग्रवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति का इस तरह अचानक निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि बीकाजी ब्रांड के माध्यम से बीकानेर की भुजिया को देश और विदेश में पहचान दिलाने वाले शिव रतन अग्रवाल का निधन अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।



You may also like

Leave a Comment