बिजनेस रेमेडीज/मुंबई । दिग्गज कंपनियों रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा मोटर्स के शेयरों में लिवाली आने से बृहस्पतिवार को स्थानीय शेयर बाजार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। सेंसेक्स 349 अंक उछला जबकि निफ्टी ने 100 अंकों की बढ़त दर्ज की। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 349.05 अंक यानी 0.43 प्रतिशत उछलकर 82,134.61 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुआ। यह बढ़त का लगातार आठवां सत्र रहा। कारोबार के दौरान एक समय यह 500.27 अंक चढक़र 82,285.83 के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक NIFTY लगातार 11वें सत्र में बढ़त पर रहा। निफ्टी 99.60 अंक यानी 0.40 प्रतिशत बढक़र 25,151.95 के नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 140.55 अंक चढक़र 25,192.90 के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।
Sensex के समूह में शामिल कंपनियों में से टाटा मोटर्स के शेयरों में सर्वाधिक चार प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, मारुति और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी बढ़त पर रहे।
रिलायंस के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा कि कंपनी का निदेशक मंडल पांच सितंबर को एक पर एक बोनस शेयर जारी करने पर विचार करेगा। इस घोषणा के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज में करीब दो प्रतिशत की तेजी आई। इसके उलट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, सन फार्मा, जेएसडब्ल्यू स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, इन्फोसिस और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।

