बिजऩेस रेमेडीज/जयपुर
जयपुर मण्डल के मुख्य महाप्रबंधक संदीप भटनागर ने स्थानीय प्रधान कार्यालय में 78वें स्वतन्त्रता दिवस के पर्व पर ध्वजारोहण किया एवं
सभी प्रदेश वासियों को स्वतन्त्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
भटनागर ने कहा कि बैंक ने हमेशा देश की प्रगति में सहयोग दिया है एवं भारतीय अर्थव्यवस्था के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। भटनागर ने सरकार के ‘2047 के विकसित भारत’ के लक्ष्य और ‘2027 तक विश्व के तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था’ बनाने के लक्ष्य को पाने में सभी कर्मचारियों को अपना महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान भी किया। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय स्टेट बैंक, जयपुर मण्डल के स्टाफ सदस्यों एवं उनके परिवार जनों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत बढ़- चढ़ कर हिस्सा लिया। इसी संदर्भ में राजस्थान के विभिन्न शहरों में बैंक की शाखाओं में ‘विभाजन की विभीषिका’ नामक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया ।
इस अवसर पर उन भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया, जिन्होने कारगिल युद्ध के दौरान अपनी सेवाएँ दी और अब बैंक में सेवारत हैं। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक समारोह में स्टाफ सदस्यों और परिवार जनों ने अपनी प्रस्तुतियों से देशभक्ति के जज्बे को जगाया। सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भी भेंट किए गए।
समारोह में महाप्रबंधक मदन एल एस, प्रबुद्ध कुमार, दिनेश प्रताप सिंह तोमर सहित बैंक के अन्य उच्च अधिकारियों, स्टाफ सदस्यों एवं परिवारजनों की गरिमामयी उपस्थिती भी रही। अंत में उप महाप्रबंधक एवं मण्डल विकास अधिकारी कल्याण गजवेल्लि ने समारोह में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं स्टाफ सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

