बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। जयपुर आधारित कंपनी शेरा एनर्जी लिमिटेड अलौह धातुओं से बने वाइंडिंग वायर और स्ट्रिप्स के अग्रणी निर्माताओं में से एक है। कंपनी ने शेयर बाजारों को सूचित किया है कि शेरा ग्रुप ने वित्त वर्ष 2024-25 में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है। उक्त अवधि में शेरा ग्रुप ने गत वित्त वर्ष में अर्जित 875 करोड़ रुपए के मुकाबले 46.05 फीसदी अधिक 1278 करोड़ रुपए की समेकित बिक्री अर्जित की है।
कंपनी प्रबंधन ने इस मौके पर कहा कि शेरा गु्रप के लिए एक और शानदार उपलब्धि की घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है, क्योंकि हम पूर्व वित्त वर्ष के प्रदर्शन को पार करने और उद्योग के मानदंडों को फिर से परिभाषित करना जारी रखे हुए हैं।
रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि: मार्च 2025 को समाप्त होने वाली अवधि के लिए, शेरा ग्रुप की समेकित बिक्री लगभग 1,278 करोड़ रुपए तक पहुंच गई, जो वित्त वर्ष 2023-24 में 875 करोड़ रुपये को पार कर गई।
वित्त वर्ष 2023-24 में 629.40 करोड़ रुपये के मुकाबले एकल बिक्री 859 करोड़ रुपए हो गई। ये संख्या कंपनी पर ग्राहकों और हितधारकों के भरोसे और विश्वास को दर्शाती है। अटूट प्रतिबद्धता के साथ कंपनी ने लगातार मूल्य और प्रदर्शन प्रदान करते हुए खुद को उद्योग में एक प्रमुख कंपनी के रूप में स्थापित किया है।
कंपनी की कारोबारी गतिविधियां: ‘शेरा एनर्जी लिमिटेड’ नॉन फेरस मेटल जैसे एल्युमिनियम और कॉपर के वाइंडिंग वायर एवं स्ट्रिप्स का निर्माण करती है। इसके साथ ही कंपनी वायर रॉड, वायर एवं कॉपर व ब्रास की ट्यूब का निर्माण भी करती है। इन तारों, ट्यूबों और छड़ों को ग्राहकों की आवश्यकता और बाजार में मांग के अनुसार विभिन्न आकृतियों और आकार में निर्मित किया जाता है। कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में कागज से ढके तार, इनेमल और फाइबर से ढके तार, गोल तार, आयताकार तार, गुच्छेदार तार, ट्यूब, छड़, स्ट्रिप्स, आदि शामिल हैं।
कंपनी ने कोल्ड एक्सट्रूजऩ रक्षा अनुप्रयोगों के लिए गोली के गोले बनाने के लिए उपयुक्त प्रक्रिया के माध्यम से विशेष ग्रेड की पीतल की छड़ों का निर्माण भी शुरू किया है। कंपनी ने ग्राहकों के साथ सफलतापूर्वक अपेक्षित परीक्षण किए हैं । इस उत्पाद को हाल ही में देश में गोला-बारूद उद्योग में मांग के कारण कंपनी ने विकसित किया है। कंपनी को स्थापित हुए एक दशक से ज्यादा समय हो चुका है जिसके कारण कंपनी वृहद स्तर पर उत्पादों का निर्माण और मार्केटिंग करने में सक्षम हुई है। कंपनी का बिजनेस मॉडल ऐसा है जहां वह एक उत्पादों की क्वालिटी पर पर नजर रखने के साथ उस पर नियंत्रण भी रखती है। कंपनी के पास नवीनतम प्रौद्योगिकी संयंत्र और मशीनरी के साथ अच्छी तरह से सुसज्जित विनिर्माण सुविधाएं हैं।

