बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। गुजरात के अहमदाबाद आधारित ‘Rajesh Power Services Limited’ ईपीसी कॉन्ट्रैक्ट और पावर ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन यूटिलिटीज को सेवाएं प्रदान करने में माहिर कंपनी है। कंपनी द्वारा केबल आईडेंटिफिकेशन, टेस्टिंग और फाल्ट लोकेशन उपकरणों की खरीद, 1300 किलोवाट क्षमता वाले डीसी सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना, ग्रीन हाइड्रोजन और इलेक्ट्रोलाइजऱ जैसे संबंधित उपकरणों के उत्पादन में तकनीकी विशेषज्ञता के घरेलू विकास में वांछित पूंजी जुटाने, अतिरिक्त कार्यशील पूंजी की आवश्यकताओं और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर २७ नवम्बर को बंद होगा।
कंपनी की कारोबारी गतिविधियां: 1971 में स्थापित, Rajesh Power Services Limited राज्य ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों और निजी यूटिलिटीज और उद्योगों को परामर्श प्रदान करती है। राजेश पावर सर्विसेज लिमिटेड ने एचकेआरपी इनोवेशन लिमिटेड (एचकेआरपी) में निवेश किया है, जो ऊर्जा क्षेत्र के लिए अनुकूलित आईटी समाधान प्रदान करती है।
HKRP Power Grid और नवीकरणीय ऊर्जा के लिए आईओटी और क्लाउड-आधारित समाधानों में माहिर है एवं कंपनी स्मार्ट फीडर मैनेजमेंट सिस्टम (एसएफएमएस), वर्चुअल फीडर सेग्रीगेशन (वीएफएस), ऑयल वेल्स (आरटीएमएस) के लिए रीयल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम और सौर ऊर्जा डेटा प्रबंधन (एसईडीएम) जैसे टूल्स प्रदान करती है। कंपनी बिजली क्षेत्र के नवीकरणीय और गैर-नवीकरणीय दोनों क्षेत्रों में सेवाएं प्रदान करती है।
कंपनी निम्नलिखित सेवाएँ प्रदान करती है।
1.ईएचवी भूमिगत केबल और ट्रांसमिशन लाइनें
2.सिविल कार्यों सहित ईएचवी एआईएस/जीआईएस सबस्टेशन।
3.एचवी/एमवी/एलवी भूमिगत केबल बिछाना और ओवरहेड एमवीसीसी कंडक्टर स्थापना।
4.टर्नकी आधार पर सबस्टेशनों, आरएमयू, ट्रांसफार्मर और केबल्स सहित पूरे वितरण नेटवर्क को नया रूप देना
5.सौर ऊर्जा संयंत्रों के लिए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था परियोजनाएँ।
6.ईएचवी, एचवी, एमवी और एलवी सबस्टेशनों का संचालन और रखरखाव।
7.ईएचवी, एचवी, एमवी और एलवी ट्रांसमिशन और वितरण नेटवर्क का संचालन और रखरखाव।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने 149.36 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 3.44 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 211.17 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 6.75 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 295.06 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 26.02 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में 30 सितंबर 2024 को समाप्त अवधि में कंपनी ने 317.85 करोड़ रुपए का राजस्व और 27.68 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी अच्छे मार्जिन पर कारोबार कर रही है। 2025 में 30 सितंबर 2024 को समाप्त अवधि में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 8.11 फीसदी दर्ज किया गया है। वार्षिक ईपीएस 35.36 रुपए के आधार पर कंपनी का आईपीओ 9.47 के पीई मल्टीपल पर आ रहा है।
वित्त वर्ष 2025 में 30 सितंबर 2024 को समाप्त अवधि तक कंपनी की असेट्स 338.22 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 111.22 करोड़ रुपए, रिजर्व एंड सरप्लस 96 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 79.73 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। कंपनी का कर्ज इक्विटी रेश्यो 0.92 फीसदी है। इस आधार पर कहा जा सकता है कि कंपनी पर कर्ज़ भार अधिक नहीं है।
IPO के संबंध में जानकारी: ‘Rajesh Power Services Limited’ का IPO NSE Emerge Platform पर आज खुलकर 27 नवंबर 2024 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 47,90,000 शेयर 320 रुपए से 325 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 160.47 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं।
इसमें से ऑफर फॉर सेल के माध्यम से निवेशकों द्वारा 2000,000 शेयर बिक्री कर 67 करोड़ रुपए हासिल किए जाएंगे। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 400 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी आईएसके एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

