बिजनेस रेमेडीज। क्वांट म्यूचुअल फंड के निवेशकों ने पिछले तीन दिनों में चुपके से लगभग 1400 करोड़ रुपये का निवेश निकाल लिया है। इस कारण निवेशकों के बीच चिंता पैदा हो गई है, जिससे वे सवाल करने लगे हैं कि क्या उन्हें अपने एसआईपी को बंद करने पर विचार करना चाहिए?
जबसे सेबी ने जांच शुरू की है तबसे क्वांट म्यूचुअल फंड के निवेशक भारी दबाव में हैं। क्वांट म्यूचुअल फंड पर कथित तौर पर फ्रंट रनिंग का आरोप लगा है, जिसकी जांच सेबी द्वारा शुरू की गई है। सेबी ने मुंबई और हैदराबाद में तलाशी और जब्ती की कार्रवई की हैं और क्वांट डीलर्स और उससे जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ भी की है। इस बीच, निवेशकों ने भारी मुनाफावसूली की है।

स्मॉल कैप फंड में पांच साल में 495 फीसदी का रिटर्न:
रिपोर्ट के अनुसार क्वांट म्यूचुअल फंड इक्विटी कैटेगरी में अलग-अलग समय में अपनी प्रभावशाली योजनाओं के लिए जाना जाता है। इसका एक बड़ा उदाहरण क्वांट स्मॉल कैप फंड है, जिसने पिछले पांच सालों में शानदार प्रदर्शन दिखाया है. पांच सालों में फंड ने करीब 495 फीसदी का असाधारण रिटर्न दर्ज किया है। इसी तरह क्वांट मिड कैप फंड ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है, जिसने निवेश्कों को उसी समय सीमा में 348.65 फीसदी का रिटर्न दिया है।
90,000 करोड़ रुपए से अधिक की एयूएम के साथ देश में सबसे तेजी से बढ़ने वाला म्यूचुअल फंड, क्वांट एमएफ तब सुर्खियों में आया, जब भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने कहा कि फ्रंट-रनिंग के संदेह में इसकी जांच की जा रही है।
यह होती है फ्रंट-रनिंग:
यह एक गैरकानूनी प्रथा है जहां फंड मैनेजर, डीलर या ब्रोकर, जो आगामी बड़े ट्रेडों के बारे में जानते हैं। बड़े ट्रेड के निष्पादित होने पर प्रत्याशित मूल्य परिवर्तन से लाभ कमाने के लिए पहले से ही अपना ऑर्डर लगा देते हैं।

