नई दिल्ली। देश के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक Punjab National Bank ने शिलांग में Assam Rifles महानिदेशालय के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत बैंक अपनी विशेष योजना “पीएनबी रक्षक प्लस” के माध्यम से असम राइफल्स के सेवारत जवानों और पेंशनभोगियों को बेहतर बीमा सुरक्षा और कई विशेष बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
इस अवसर पर असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा, एवीएसएम, एसएम के साथ बैंक के मुख्य रक्षा बैंकिंग सलाहकार मेजर जनरल डी.एस. बिष्ट, एसएम, वीएसएम (सेवानिवृत्त) और महाप्रबंधक संजीव भारद्वाज मौजूद रहे। समझौते का आदान-प्रदान असम राइफल्स की ओर से ब्रिगेडियर संदीप चटर्जी, एसएम और पीएनबी की ओर से गुवाहाटी अंचल प्रबंधक बिजेंद्र सिंह द्वारा किया गया।
इस एमओयू के तहत असम राइफल्स कर्मियों और पेंशनभोगियों को कई महत्वपूर्ण लाभ प्रदान किए जाएंगे। व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के तहत ₹.100लाख तक का सुरक्षा कवरेज मिलेगा। वहीं हवाई दुर्घटना बीमा के अंतर्गत ₹.150 लाख तक का लाभ दिया जाएगा। पूर्ण अथवा आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में ₹.100 लाख तक का कवरेज उपलब्ध रहेगा। इसके अतिरिक्त सैन्य अभियानों के दौरान मृत्यु होने पर ₹.10 लाख का अतिरिक्त बीमा लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
बैंक की ओर से स्वास्थ्य बीमा सुविधाएं, रिटेल ऋणों पर विशेष रियायतें तथा रक्षक खाताधारकों के परिवारों और आश्रितों के लिए विशेष योजनाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। पीएनबी ने कहा कि वह सशस्त्र बलों के सम्मान और सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस दिशा में अपने प्रयास जारी रखेगा।

