बिजनेस रेमेडीज/ जयपुर। पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार एवं स्कूल शिक्षा परिवार राजस्थान की ओर से गतदिनों जवाहर सर्किल स्थित ईपी में शिक्षा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि 1835 में मैकाले ने भारत में जो पास किया था, भारतीय शिक्षा बोर्ड उस पाप को साफ करेगा। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई ताकत भारतीय शिक्षा बोर्ड को चुनौती नहीं दे सकती। भारतीय शिक्षा बोर्ड कोई इवेंट नहीं, बल्कि भारत को शिक्षा, चिकित्सा व अर्थ आदि समस्त क्षेत्रों में सुपर पावर बनाने की दूरदर्शी योजना है। विचारधाराओं, जातियों के नाम पर सारे भ्रम और भेद इसी शिक्षा बोर्ड से टूटेंगे। संवाद कार्यक्रम में प्रदेश भर के करीब 2200 स्कूल संचालक शामिल हुए।
अभिभावक एकता संघ और यादव महासभा के प्रतिनिधियों ने किया अभिनंदन शिक्षाविद् संवाद कार्यक्रम में बाबा रामदेव एवं भारतीय शिक्षा बोर्ड केराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एनपी सिंह का अभिभावक एकता संघ राजस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने अभिनंदन किया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य योगी मनीष ने इस अवसर पर कहा कि केंद्र सरकार की ओर से गठित एवं पतंजलि द्वारा संचालित भारतीय शिक्षा बोर्ड के माध्यम से बाबा रामदेव ने भारतीय संस्कार एवं संस्कृति के आधार पर शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति का जो उद्घोष किया है, वह प्रदेश के करोड़ों विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के तत्कालीन एवं दीर्घकालीन हितों की रक्षा के लिए सर्वोपरि है। इसके अलावा राजस्थान यादव महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र यादव ने स्वामी बाबा रामदेव का स्वागत किया। इस अवसर पर राजस्थान यादव महासभा के युवा अध्यक्ष मदन यादव, ओमप्रकाश यादव, मुकेश यादव व हनुमान मीणा मौजूद रहे।

