Friday, October 23, 2026 |
Home CommodityNCDEX ने इक्विटी इंडेक्स NDEX और FINNDEX लॉन्च कर इक्विटी सेगमेंट में किया प्रवेश

NCDEX ने इक्विटी इंडेक्स NDEX और FINNDEX लॉन्च कर इक्विटी सेगमेंट में किया प्रवेश

by Business Remedies
0 comments

इक्विटी इंडेक्स का निर्माण विशिष्ट बहु-कारक (मल्टी-फैक्टर) दृष्टिकोण पर आधारित, जिससे निवेश की प्रासंगिकता बढ़ती है
बाज़ार पूंजीकरण, तरलता, बीटा और अस्थिरता (वोलैटिलिटी) पर आधारित इंडेक्स बाज़ार का प्रतिनिधित्व सटीकता से करता है
मुंबई। NCDEX लिमिटेड (पूर्व में नेशनल कमोडिटीज़ एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज लिमिटेड), जो भारत के अग्रणी स्टॉक एक्सचेंजों में से एक है, ने दो नियम-आधारित इंडेक्स, NDEX और FINNDEX, के लॉन्च के साथ इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव बाज़ारों में अपना प्रवेश किया है। यह लॉन्च NCDEX के एक व्यापक बाज़ार-अवसंरचना एक्सचेंज के रूप में खुद को स्थापित करने की तरफ एक बड़ा कदम है। इन इंडेक्स के शेयरों का चयन और उनका समग्र योगदान में भार बहु-कारक दृष्टिकोण पर आधारित है। इनमें एक संयुक्त स्कोर का उपयोग होता है, जो फ्री-फ्लोट बाज़ार पूंजीकरण (30%), औसत दैनिक कारोबार मूल्य (30%), बीटा (20%) और अस्थिरता (20%) से बना है। यह पद्धति कंपनी के आकार, ट्रेडिंग गतिविधि और बाज़ार के प्रति शेयर की संवेदनशीलता को एक सुव्यवस्थित ढांचे में एक साथ लाकर इंडेक्स निर्माण करने का प्रयास करती है। अंतिम घटक भार, फ्री-फ्लोट बाज़ार पूंजीकरण भार और संयुक्त स्कोर भार को बराबर अनुपात में मिलाकर तय किए जाते हैं, और प्रत्येक पुनर्संतुलन (रीबैलेंसिंग) पर किसी एक शेयर का अधिकतम भार 15% रखा गया है।
NDEX एक बेंचमार्क इंडेक्स है, जिसमें 20 बड़ी और अत्यधिक तरल भारतीय कंपनियों के शेयर शामिल हैं। इनका चयन NSE में सूचीबद्ध शीर्ष 60 कंपनियों के समूह से किया जाएगा, और इसका उद्देश्य अग्रणी सूचीबद्ध कंपनियों के प्रदर्शन पर नज़र रखना है। FINNDEX में वित्तीय क्षेत्र के 15 शेयर (बीमा कंपनियों को छोड़कर) शामिल हैं, जिन्हें शीर्ष 40 पात्र कंपनियों में से चुना गया है। दोनों इंडेक्स के घटकों का चयन एक संयुक्त स्कोरिंग ढांचे से किया जाता है, जो फ्री-फ्लोट बाज़ार पूंजीकरण, तरलता, बीटा और अस्थिरता जैसे प्रमुख मापदंडों का आकलन करता है। इससे अपने-अपने दायरे में तरल और मूलभूत रूप से मज़बूत शेयरों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होता है। इन इंडेक्स का स्वामित्व NCDEX लिमिटेड (“NCDEX”) के पास है, और इनकी गणना व रखरखाव NSE इंडेक्स लिमिटेड द्वारा किया जाता है। इनकी समीक्षा और पुनर्संतुलन अर्ध-वार्षिक आधार पर, मार्च और सितंबर में किया जाएगा, और निर्दिष्ट परिस्थितियों में तदर्थ (एड-हॉक) पुनर्गठन का प्रावधान भी है। दोनों इंडेक्स में प्रत्येक शेयर की सीमा 15% तय की गई है, जिससे विविधीकरण बेहतर होता है और किसी एक शेयर पर निर्भरता का जोखिम घटता है। दोनों इंडेक्स का आधार माह जनवरी 2010 और आधार मान 10,000 है। इंडेक्स के मान की गणना बाज़ार के घंटों के दौरान रीयल-टाइम में की जाएगी और उन्हें NCDEX के डेटा फ़ीड, वेबसाइट और समय-समय पर जारी फ़ैक्टशीट के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। NDEX और FINNDEX मिलकर क्रमशः पूंजी बाज़ार और वित्तीय क्षेत्र के प्रदर्शन का सुदृढ़ और प्रतिनिधि मापक प्रस्तुत करते हैं।
लॉन्च पर टिप्पणी करते हुए, NCDEX के एमडी एवं सीईओ विकास गोयल ने कहा, “NDEX और FINNDEX की शुरुआत NCDEX के बहु-सेगमेंट एक्सचेंज में परिवर्तन की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट में हमारा विस्तार, एक ऐसी व्यापक बाज़ार संस्था बनाने का प्रयत्न है जो भारत के वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र की बदलती ज़रूरतों के अनुरूप हो। जैसे-जैसे भारतीय पूंजी बाज़ार गहरे हो रहे हैं और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय भागीदारी बढ़ रही है, पारदर्शी और सुविचारित बेंचमार्क अत्यंत आवश्यक हो जाते हैं। इन इंडेक्स के माध्यम से हम ऐसी बाज़ार अवसंरचना के विकास में योगदान देना चाहते हैं जो सूचित निवेश निर्णयों को समर्थन दे, बाज़ार प्रतिभागियों के लिए उपलब्ध साधनों का दायरा बढ़ाए और वैश्विक पूंजी के लिए भारत की स्थिति एक तेज़ी से उभरते हुए महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में और मज़बूत करे।”
NCDEX के चीफ़ ऑफ़ इक्विटी बिज़नेस टोजो बनर्जी ने कहा, “NDEX और FINNDEX इंडेक्स निर्माण में एक भिन्न दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हैं, जो बाज़ार पूंजीकरण से आगे है। हमारा उद्देश्य ऐसा बेंचमार्क तैयार करना है जो भारत के इक्विटी परिदृश्य का अधिक सूक्ष्म परिप्रेक्ष्य दें, और जो न केवल कंपनियों के आकार को, बल्कि उन महत्वपूर्ण तत्वों को भी दर्शाएं जो उनके बाज़ार व्यवहार को प्रभावित करते हैं। FINNDEX भारत के वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र की बढ़ती विविधता को मान्यता देता है, जो पारंपरिक बैंकिंग से आगे बढ़कर विस्तारित होते पूंजी बाज़ार, NBFC और फ़िनटेक क्षेत्रों को भी शामिल करता है। वहीं NDEX बड़ी और अत्यधिक तरल भारतीय कंपनियों के लिए एक बेंचमार्क का काम करता है। हमें विश्वास है कि ये इंडेक्स निवेशकों, बाज़ार प्रतिभागियों और शोधकर्ताओं के लिए भारत की विकास गाथा का आकलन करने में उपयोगी संदर्भ बिंदु बन सकते हैं।”



You may also like

Leave a Comment