इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) के बाजार में बड़ी हिस्सेदारी रखने वाली एमजी मोटर की विंडसर ईवी को गैर-मेट्रो शहरों में जोरदार प्रतिक्रिया मिल रही है। इस इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर की लॉन्च के बाद से बिक्री 65,000 यूनिट्स से ज्यादा की हो गई है। कंपनी की कुल बिक्री में विंडसर ईवी की बड़ी हिस्सेदारी है।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विंडसर ईवी की लगभग 70 प्रतिशत बिक्री गैर-मेट्रो शहरों में हो रही है। इस इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर की लगभग 30 प्रतिशत बिक्री मेट्रो शहरों से मिल रही है। इससे छोटे शहरों में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ने का संकेत मिल रहा है। इस रुझान के पीछे चार्जिंग ढांचे में सुधार और कम संचालन लागत जैसे प्रमुख कारण हैं। पिछले वर्ष विंडसर ईवी का नया संस्करण लॉन्च किया गया था। विंडसर ईवी प्रो की कीमत 18 लाख रुपये से कुछ अधिक है। हालांकि, बैटरी सेवा के रूप में (बीएएएस) के विकल्प के साथ इसकी कीमत काफी कम हो जाएगी। हालांकि, इस विकल्प में 4.5 रुपये प्रति किलोमीटर का बैटरी किराया भी चुकाना होगा। पिछले वर्ष नवंबर में विंडसर ईवी ने 50,000 यूनिट्स की बिक्री को पार किया था। एमजी मोटर का दावा था कि यह ईवी के सेगमेंट में बिक्री के इस आंकड़े तक सबसे तेजी से पहुंचने वाला चार-पहिया वाहन है।
कंपनी का दावा है कि विंडसर ईवी का नया संस्करण एक बार चार्ज करने पर 440 किलोमीटर से अधिक की रेंज देता है। इसमें 136hp की पावर और 200nm का टॉर्क उत्पन्न करने वाली मानक संस्करण के समान इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है। नए संस्करण में मिश्र धातु के पहिए हैं और टेलगेट पर ‘एडीएएस’ बैज है। यह ऑरोरा सिल्वर, सेलाडोन ब्लू और ग्लेज़ रेड जैसे नए रंगों में उपलब्ध है। इसके केबिन में भी कुछ बदलाव किए गए हैं। इसमें हल्के रंग वाला इंटीरियर है।
विंडसर ईवी प्रो में ट्रैफिक जाम असिस्ट और अनुकूली क्रूज कंट्रोल जैसे एडीएएस स्तर 2 फीचर्स हैं। इसमें सेडान जैसा आराम और एसयूवी जैसा स्पेस है। इसका मुकाबला महिंद्रा की एक्सयूवी400 और टाटा मोटर्स की नेक्सॉन ईवी से है। विंडसर ईवी का मानक संस्करण तीन वेरिएंट्स में उपलब्ध है। एमजी मोटर के ईवी पोर्टफोलियो में कॉमेट ईवी और जेडएस ईवी भी शामिल हैं। विंडसर ईवी की मैन्युफैक्चरिंग कंपनी की गुजरात के हलोल की फैक्टरी में की जा रही है।

