मुंबई | बिजनेस रेमेडीज | देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन कंपनी Maruti Suzuki India ने मंगलवार को अपनी गाड़ियों की कीमतों में 30,000 रुपए तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। कंपनी ने इस बढ़ोतरी की वजह लागत में इजाफे को बताया है और यह अगस्त, 2026 से लागू होगी। Bombay Stock Exchange (BSE) में दायर फाइलिंग में Maruti Suzuki India ने कहा कि लगातार बढ़ती लागत के चलते कीमतों में संशोधन आवश्यक हो गया है।
कंपनी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से वह विभिन्न लागत-कटौती उपायों के जरिए बढ़ी हुई लागत का बोझ अपने स्तर पर वहन करने का प्रयास कर रही थी। हालांकि, महंगाई का दबाव लगातार ऊंचा बना हुआ है और लागत का माहौल अभी भी प्रतिकूल है। ऐसे में कंपनी ने बढ़ी हुई लागत का एक हिस्सा ग्राहकों पर डालने का फैसला किया है।
कंपनी ने मॉडल्स के हिसाब से मूल्य संशोधन पर विस्तृत जानकारी नहीं दी है। Maruti Suzuki India की ताजा कीमत बढ़ोतरी ऐसे समय में आई है, जब कई अन्य वाहन निर्माता कंपनियां भी अपने विभिन्न मॉडलों के दाम बढ़ा चुकी हैं। जून में Tata Motors ने भी अपनी यात्री वाहन श्रृंखला, जिसमें Electric Vehicle (EV) भी शामिल हैं, की कीमतों में 1 जुलाई से प्रभावी अधिकतम 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की घोषणा की थी।
वहीं, Hyundai Motor India और Kia India ने भी हाल के महीनों में अपने वाहनों की कीमतें बढ़ाई हैं। Hyundai Motor India ने 1 जून से अपने विभिन्न मॉडलों के दाम में अधिकतम 12,800 रुपए तक की बढ़ोतरी की थी, जबकि Kia India ने 1 जुलाई से वाहनों की कीमतों में अधिकतम 2 प्रतिशत तक इजाफा किया। दोनों कंपनियों ने इस मूल्य वृद्धि के पीछे बढ़ती इनपुट लागत, कमोडिटी कीमतों में उछाल और लगातार बने हुए महंगाई के दबाव को प्रमुख कारण बताया।

