बिजऩेस रेमेडीज/मुंबई। भारत की अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) को ब्रिटिश स्टैंडर्ड्स इंस्टीट्यूशन (बीएसआई) की ओर से आईएसओ 22301:2019 व्यवसायिक निरंतरता प्रबंधन प्रणाली (बीसीएमएस) प्रमाणन प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि निगम की संचालनिक दृढ़ता, व्यवसायिक निरंतरता योजना और जोखिम प्रबंधन की क्षमताएं अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरी उतरती हैं।
आईएसओ एक अंतरराष्ट्रीय मानक है, जो व्यवसायिक निरंतरता प्रबंधन पर केंद्रित होता है। इसका उद्देश्य परिचालन में रुकावटों को न्यूनतम करना और संकट की स्थिति में तेजी से पुर्नप्राप्ति सुनिश्चित करना है। इस प्रमाणन की प्राप्ति से एलआईसी की छवि एक मजबूत और सशक्त संगठन के रूप में और अधिक सुदृढ़ होती है, जो किसी भी अनपेक्षित चुनौती के बावजूद सेवाओं की लगातार और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में सक्षम है।
एलआईसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ मोहंती ने कहा कि एक संस्था के रूप में हम अपने ग्राहकों और हितधारकों की ओर से हमारे प्रति जताए गए विश्वास और भरोसे को अत्यंत मूल्य देते हैं। प्रतिष्ठित आईएसओ 22301:2019 प्रमाणन प्राप्त होना हमारे उस संकल्प का प्रमाण है कि हम किसी भी विघटनकारी परिस्थिति में भी व्यवसायिक निरंतरता सुनिश्चित करने और अपने हितधारकों के हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। एलआईसी के प्रबंध निदेशक तबलेश पाण्डेय ने कहा कि सुरक्षा और संचालनिक दृढ़ता हमेशा से एलआईसी की कार्यनीति का अभिन्न हिस्सा रही है।आईएसओ 22301 प्रमाणन प्राप्त करना हमारे इस निरंतर प्रयास को मान्यता देता है कि हम लाखों पॉलिसीधारकों के हितों की रक्षा के लिए सुरक्षित, निर्बाध सेवाएं प्रदान करते रहें और किसी भी संभावित विघटन का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए तैयार रहें। इस सफलता की यात्रा में एलआईसी की एंटरप्राइज रिस्क मैनेजमेंट टीम, साइबर सुरक्षा विभाग और वरिष्ठ नेतृत्व की ओर से किया गया निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और कार्यकारी निगरानी संगठनव्यापी भागीदारी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण रहा। आगे भी एलआईसी, बीएसआई की निगरानी प्रक्रिया के अंतर्गत नियमित अभ्यास और समय-समय पर समीक्षाएं करता रहेगा, ताकि अपनी व्यवसायिक निरंतरता प्रबंधन प्रणालियों में निरंतर सुधार करता रहे और भविष्य की किसी भी चुनौती का सामना कर सके।

