बिजनेस रेमेडीज/मुंबई। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) अपने पॉलिसीधारकों के लिए एक खास ऑफर लेकर आया है। एलआईसी ने बंद पॉलिसियों को फिर से शुरू करने के लिए विशेष पुनर्जीवन अभियान (Special Revival Campaign) शुरू किया है। यह अभियान 18 अगस्त 2025 से 17 अक्टूबर 2025 तक चलाया जाएगा। लेट फीस में मिलेगी छूट इस अभियान के तहत नॉन-लिंक्ड बीमा योजनाओं (Non-Linked Plans) पर लेट फीस में 30% तक की छूट दी जाएगी। अधिकतम छूट की सीमा 5,000 रुपये तक होगी। यह सुविधा उन्हीं पॉलिसियों पर लागू होगी जो स्कीम के नियमों के तहत पुनर्जीवन के योग्य होंगी।
किन पॉलिसियों को मिलेगा लाभ
ऐसी पॉलिसियाँ जो प्रीमियम भरने की अवधि (Premium Paying Term) के दौरान बंद हो गई हों और जिनकी अवधि पूरी नहीं हुई हो, वे इस अभियान में दोबारा शुरू की जा सकती हैं।
पॉलिसी को पहली बकाया प्रीमियम तिथि से 5 साल के भीतर पुनर्जीवित किया जा सकता है, बशर्ते पॉलिसी की शर्तें पूरी हों। मेडिकल/हेल्थ संबंधी आवश्यकताओं पर कोई छूट नहीं दी जाएगी।
पॉलिसीधारकों के लिए खास फायदा
यह अभियान उन पॉलिसीधारकों के लिए शुरू किया गया है जो किसी कारणवश समय पर प्रीमियम नहीं भर पाए। पॉलिसी को चालू रखना बेहद ज़रूरी है, ताकि बीमा का पूरा लाभ मिल सके। पुरानी पॉलिसी को पुनर्जीवित करना हमेशा फायदेमंद रहता है, क्योंकि इससे बीमा सुरक्षा फिर से मिल जाती है। एलआईसी का मानना है कि अपने पॉलिसीधारकों और उनके परिवार की सुरक्षा सबसे अहम है। यही कारण है कि यह अभियान पॉलिसीधारकों को अपनी पॉलिसी को दोबारा सक्रिय करने और अपने प्रियजनों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का बेहतरीन अवसर देता है।

