बिजनेस रेमेडीज/मुंबई। पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोष नागरिकों की मृत्यु पर भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पॉलिसीधारकों के दावों को लेकर कई रियायतों की घोषणा की है। एलआईसी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ सिद्धार्थ मोहंती ने कहा है कि इस आतंकी हमले में मृत पॉलिसीधारकों के लिए मृत्यु प्रमाणपत्र के स्थान पर यदि किसी सरकारी रिकॉर्ड में मृत्यु का प्रमाण उपलब्ध हो या केंद्र व राज्य सरकार की ओर से मुआवजा दिया गया हो, तो उसे मृत्यु का प्रमाण मानकर दावे स्वीकार किए जाएंगे। इसके अलावा एलआईसी द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पीडि़त परिवारों तक शीघ्र पहुंच बनाई जाए और उनके दावे यथाशीघ्र निपटाए जाएं। अधिक जानकारी या सहायता के लिए दावा करने वाले निकटतम एलआईसी शाखा/डिवीजन/ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

