जयपुर। देश की प्रमुख सीमेंट निर्माण एवं बिक्री कंपनी जेके सीमेंट लिमिटेड ने शेयर बाजारों को सूचित किया है कि कंपनी ने सैफको सीमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की 60 फीसदी हिस्सेदारी 149.81 करोड़ रुपये में खरीद ली है और साथ ही सैफको के 60 फीसदी इक्विटी शेयर को डीमैट खाते में स्थानांतरित कर दिया गया है। जेके सीमेंट लिमिटेड ने सैफको के 60 फीसदी हिस्से का अधिग्रहण शेयरधारकों और प्रमोटरों से पूरा कर लिया है और सैफको द्वारा नए शेयर भी जारी किए हैं। इस अधिग्रहण के बाद, सैफको तत्काल प्रभाव से कंपनी की सहायक कंपनी बन गई है और सैफको के बोर्ड का पुनर्गठन किया जाएगा और कंपनी द्वारा नामित तीन व्यक्तियों को सैफको के बोर्ड में अतिरिक्त निदेशक के रूप में नियुक्त किया जाएगा और दो निदेशक सैफको के मौजूदा प्रमोटर और प्रमोटर समूह का प्रतिनिधित्व करना जारी रखेंगे।
1997 में निगमित , सैफको सीमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के पास वर्तमान में एक एकीकृत इकाई है जिसकी क्लिंकर क्षमता 0.26 एमएनटीपीए और ग्राइंडिंग क्षमता 0.42 एमएनटीपीए है। यह संयंत्र चालू है और गांव: खुनमोह, जिला: श्रीनगर, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में स्थित है। वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी ने 73.17 करोड़ रुपये, वित्त वर्ष 2023-24 में 86.30 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी ने 90.20 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। सैफको सीमेंट्स सीमेंट और क्लींकर बेचने का काम करती है।
इस अधिग्रहण से जेके सीमेंट को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू एवं कश्मीर में कारोबारी विस्तार का मौका मिलेगा।

