बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। ज्वैलर्स एसोसिएशन, जयपुर की ओर से 4 से 6 जुलाई तक सीतापुरा में स्थित नोवोटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले जस-2025 प्रीमियम बी२बी शो का गुरुवार को उद्घाटन किया जाएगा।शो का उद्घाटन 4 जुलाई को सुबह 10 बजे टाइटन कंपनी (तनिष्क) के एमडी सीके वेंकटरमण और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी करेंगी। जस-2025 के दौरान होने वाले अवॉर्ड सेरेमनी में बेतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आने की संभावना है। शो के दौरान उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सहकारिता मंत्री गौतम दक, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, सांसद मंजू शर्मा, सांसद दामोदर दास अग्रवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, डॉ. सतीश पूनिया सहित कई अधिकारी उपस्थित होंगे।
ज्वैलर्स एसोसिएशन के मानद् मंत्री नीरज लुणावत और शो के संयोजक (जस)अशोक माहेश्वरी ने जानकारी दी कि शो में 185 बूथ जेमस्टोन और 125 बूथ ज्वेलरी के होंगे। जस में जयपुर के सभी प्रतिष्ठित ज्वैलर और रत्न व्यवसायी अपने बूथ लगा रहे हैं। साथ ही दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, सूरत, बीकानेर, कोटा, मेरठ जैसे शहरों से भी 24 से ज्यादा एग्जीबिटर्स भी इसमें भाग ले रहे हैं। शो में भाग लेने के लिए देशभर के 1200 से ज्यादा ट्रेड बायर्स ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। इसके अलावा 600 से ज्यादा होस्टेड बायर भी हैं। इनके शो विजिट के दौरान होटल में ठहरने की व्यवस्था ज्वैलर्स एसोसिएशन की ओर से की जाएगी। भारत-थाई चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधि मंडल भी शो विजिट करेगा। इसके अलावा दुबई से भी ज्वैलर्स शो में विजिट करेंगे। इस वर्ष भी अन्य वर्ष की तरह जस शो के दौरान ज्वैलरी एमिनेंस अवॉड्र्स प्रतिस्पर्धा भी रखी गई है।

