बिजनेस रमेडीज/नई दिल्ली। नई दिल्ली आधारित ‘जैनिक पावर केबल्स लिमिटेड’ प्रमुखता से एल्यूमीनियम वायर रॉड का निर्माण एवं बिक्री करने वाली कंपनी है। कंपनी द्वारा पावर केबल का संयत्र स्थापित करने, कंपनी द्वारा कार्यशील पूंजी की आवश्यकता पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: मई 2011 में निगमित, जैनिक पावर केबल्स लिमिटेड 2023 से एल्यूमीनियम वायर रॉड का निर्माण कर रही है और धातु उद्योग में एक दशक से अधिक का अनुभव है और कंपनी पहले एल्यूमीनियम रॉड का व्यापार कर रही थी। कंपनी पर्यावरण, स्वास्थ्य और सुरक्षा (ईएचएस) मानकों का पालन करते हुए एल्युमीनियम वायर रॉड बनाती और आपूर्ति करती है, जैसा कि आईएसओ प्रमाणन द्वारा प्रमाणित है। कंपनी 9.5 एमएम के एल्युमीनियम वायर रॉड बनाती है। कंपनी को हरियाणा पॉल्यूशन बोर्ड से हानिकारक तत्वों जैसे मिनरल/सिंथेटिक ऑयल को हाइड्रोलिक सिस्टम्स में इस्तेमाल करने और सार संभाल करने की छूट मिली हुई है। कंपनी का गुणवत्ता आश्वासन विभाग छिपी हुई अशुद्धियों का पता लगाने के लिए स्पेक्ट्रोमीटर का उपयोग करके शुद्धता परीक्षण करता है। हरियाणा के सोनीपत में कंपनी की विनिर्माण इकाई को इनोवेटिव सिस्टमसर्ट प्राइवेट लिमिटेड (ईजीएसी, अंतर्राष्ट्रीय प्रत्यायन फोरम द्वारा मान्यता प्राप्त) से आईएसओ 9001:2015 और आईएसओ 45001:2018 और यूनाइटेड एक्रिडिटेशन फाउंडेशन से आईएसओ 14001:2015 प्रमाणित किया गया है, जो गुणवत्ता, पर्यावरण और सुरक्षा प्रथाओं को सुनिश्चित करता है। यह इकाई 77,046.74 वर्ग मीटर में स्थापित है। कंपनी के उत्पाद पावर ट्रांसमिशन, इलेक्ट्रिकल वायरिंग और टेलीकॉम क्षेत्र में काम आते हैं। कंपनी अपने उत्पाद दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों में बेचती है। कंपनी के सालाना निर्माण क्षमता 24000 टन प्रतिवर्ष है और कंपनी इसका 60.04 फीसदी इस्तेमाल कर रही है। 05 मई, 2025 तक, कंपनी में 71 कर्मचारी कार्यरत थे।
प्रवर्तकों का अनुभव
38 वर्षीय शशांक जैन कंपनी के प्रमोटर हैं और कंपनी के प्रबंध निदेशक हैं। उन्होंने आईआईपीएम विश्वविद्यालय से एमबीए किया है। 2011 में उन्हें बोर्ड के सदस्यों द्वारा कंपनी के प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। उनके पास कॉर्पोरेट अफेयर क्षेत्र में काम करने का 13 वर्षों का अनुभव है। कंपनी के दिन-प्रतिदिन के मामलों के प्रबंधन में उनके पास विविध अनुभव है।
35 वर्षीय प्रतीक जैन कंपनी के प्रमोटर और कार्यकारी निदेशक हैं। वे कंपनी में सीएफओ का पद भी संभाल रहे हैं। वे दिल्ली विश्वविद्यालय से वाणिज्य में स्नातक और सीए इंटर हैं। उन्हें कॉरपोरेट्स के आयात और वित्त विभाग सहित खरीद में 11 वर्षों से अधिक का अनुभव है।
62 वर्षीया अंजू जैन कंपनी की प्रमोटर हैं और कंपनी के साथ कार्यकारी निदेशक के रूप में जुड़ी हुई हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से कला संकाय में स्नातक की है। उन्होंने 02 अप्रैल, 2011 को कंपनी के निदेशक के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्हें कंपनी के प्रशासनिक मामलों के प्रबंधन का लंबा अनुभव है। वे 11 वर्षों से अधिक समय से कॉर्पोरेट वित्तीय मामलों को संभाल रही हैं।
67 वर्षीय कंपनी प्रवर्तक सुभाष चंद जैन 1985 से चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत हैं। वे इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के सदस्य हैं और उन्होंने यूपी के मेरठ में सीसीएस यूनिवर्सिटी से कानून में स्नातक की डिग्री भी प्राप्त की है। उन्हें कराधान और वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में लगभग 40 वर्षों का अनुभव है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 67.38 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 0.14 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 338.62 करोड़ रुपए का राजस्व और 5.01 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 351.68 करोड़ रुपए का राजस्व और 9.23 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘जैनिक पावर केबल्स लिमिटेड’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर 10 जून को खुलकर 12 जून 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 46,63,200 शेयर 100 से 110 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 51.30 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी फास्ट ट्रैक फिनसेक प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

