Saturday, July 18, 2026 |
Home Business Remediesआज खुलेगा ‘मैकॉब्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड’ का आईपीओ

आज खुलेगा ‘मैकॉब्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड’ का आईपीओ

निवेशक 19 जुलाई 2024 तक कर सकेंगें कंपनी के आईपीओ में आवेदन

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज। जयपुर आधारित ‘मैकॉब्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड’ पुरुषों के सौंदर्य के लिए उत्पाद पेश करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा ग्राहक अधिग्रहण – विपणन और जागरूकता पर पूंजी खर्च करने, कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया उधारों के एक हिस्से का पूर्व भुगतान या पुनर्भुगतान करने, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर 19 जुलाई को बंद होगा।

यह करती है कंपनी: मैकॉब्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की स्थापना 2019 में हुई थी और यह पुरुषोंके सौंदर्य के लिए उत्पाद पेश करती है। कंपनी अपनी वेबसाइट https://menhood.in/ के माध्यम से मांग वाले क्षेत्रों के लिए विशेष ट्रिमर, पुरुषों की त्वचा के अनुरूप स्वच्छता उत्पाद, ब्रीफ और विभिन्न प्रकार की स्व-देखभाल वस्तुएं प्रदान करती है। कंपनी के पास भौतिक स्टोर या पारंपरिक खुदरा उपस्थिति नहीं है।

वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने कुल राजस्व 6.02 करोड़ रुपए एवं 38.89 लाख रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में 14.82 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 2.04 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 20.74 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 2.21 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है।

कंपनी के वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी का राजस्व एवं लाभ वर्ष दर वर्ष बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 10.73 फीसदी दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी की कुल असेट्स 14.43 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 7.20 करोड़ रुपए, रिजर्व एंड सरप्लस 2.62 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 2.50 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। नेटवर्थ के मुकाबले कंपनी का कर्ज काफी कम है। इस आधार पर कहा जा सकता है कि कंपनी पर कर्ज भार ना के बराबर है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘मैकॉब्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आज खुलकर 19 जुलाई 2024 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपये फेसवैल्यू के 25,95,200 शेयर 71 रुपए से 75 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 19.46 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1600 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी एसकेआई कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।



You may also like

Leave a Comment