बिजनेस रेमेडीज। मध्यप्रदेश के रतलाम आधारित ‘कटारिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड’ लो रिलैक्सेशन प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट स्ट्रैंड्स और स्टील वायर्स, पोस्ट-टेंशनिंग, एंकरेज सिस्टम, एचडीपीई सिंगल-वॉल कोरगेटेड का निर्माण और आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा संयंत्र और मशीनरी की खरीद के लिए पूंजीगत व्यय, ऋण का पुनर्भुगतान और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर 19 जुलाई को बंद होगा। 2004 में निगमित, कटारिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड लो रिलैक्सेशन प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट (एलआरपीसी) स्ट्रैंड्स और स्टील वायर्स, पोस्ट-टेंशनिंग (पीटी) एंकरेज सिस्टम (एंकर कोन, एंकर हेड और वेजेस), एचडीपीई सिंगल-वॉल कोरगेटेड (एसडब्ल्यूसी), शीथिंग डक्ट्स, कप्लर्स और एल्युमीनियम कंडक्टर का निर्माण और आपूर्ति करती है। कंपनी के उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला का उपयोग बुनियादी ढांचे, सडक़, पुल, फ्लाईओवर, मेट्रो, रेलवे, ऊंची इमारतों, परमाणु रिएक्टर, एलएनजी टैंक, पावर ट्रांसमिशन और वितरण लाइनों सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया जाता है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2021 में कंपनी ने कुल राजस्व 161.28 करोड़ रुपए एवं 5 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने कुल राजस्व 250.48 करोड़ रुपए एवं 7.38 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में 333.93 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 7.77 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में 341.48 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 10.02 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। कंपनी के वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी का राजस्व एवं लाभ वर्ष दर वर्ष बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 2.95 फीसदी दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी की कुल असेट्स 120.02 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 45.49 करोड़ रुपए, रिजर्व एंड सरप्लस 30.01 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 63.37 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कुल कर्ज़ गत वित्त वर्ष में दर्ज 106.96 करोड़ रुपए के मुकाबले 63.37 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। कर्ज में कमी से आने वाले समय में कंपनी के बॉटम लाइन मार्जिन में सुधार होगा।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: कटारिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आज खुलकर 19 जुलाई 2024 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपये फेसवैल्यू के 56,85,000 शेयर 91 रुपए से 96 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 54.58 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी इंटरएक्टिव फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

