बिजनेस रेमेडीज/मुंबई। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 13 सितम्बर को समाप्त सप्ताह में 22.3 करोड़ डॉलर बढक़र 689.46 अरब डॉलर के नये सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। Reserve Bank of India (RBI) ने जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी। इससे पहले छह सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 5.248 अरब डॉलर बढक़र 689.235 अरब डॉलर हो गया था। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 13 सितंबर को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 51.5 करोड़ डॉलर घटकर 603.63 अरब डॉलर रह गईं। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 89.9 करोड़ डॉलर बढक़र 62.89 अरब डॉलर हो गया। विशेष आहरण अधिकार (SDR) 5.3 करोड़ डॉलर घटकर 18.42 अरब डॉलर रह गया। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष (IMF) के पास भारत का आरक्षित भंडार 10.8 करोड़ डॉलर घटकर 4.52 अरब डॉलर रह गया।




