Monday, June 29, 2026 |
Home Editorialकच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भारत की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक असर

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भारत की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक असर

by Business Remedies
0 comments
punit jain

कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही गिरावट से भारत की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक असर पड़ रहा है। सितम्बर माह में भी कच्चे तेल की दरों में भारी कमी आई है। वहीं अमेरिकी और खाड़ी देशों के तेल में 10 फीसदी से ज्यादा की कमी आई है। भारत जैसे देशों के लिए यह महत्वपूर्ण है क्योंकि देश अपनी ऊर्जा की जरूरत का 85 फीसदी आयात करता है। कच्चे तेल की कीमतों में कमी से भारत का आयात बिल घटेगा और विदेशी पूंजी का प्रवाह भी कम होगा। हाल के आंकड़ों के अनुसार अमेरिका और चीन में मंदी की चिंताओं के चलते पिछले 5 दिनों में ब्रेंट क्रूड की कीमत में लगभग 4 फीसदी और पिछले एक महीने में करीब 14 फीसदी की गिरावट आई है। वर्तमान में ब्रेंट क्रूड की कीमत 72 डॉलर प्रति बैरल से अधिक है, जो 70 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई थी। कच्चे तेल की कीमतों की गिरावट का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला है। वहीं घरेलू उद्योग जैसे पेंट, टायर, ऑयल मार्केटिंग कंपनियां और एयरलाइंस कंपनियों के शेयरों में तेजी आई है, जबकि तेल निकालने वाली कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखी गई है। जहां एक ओर कच्चे तेल की कीमतों में कमी का लाभ पेंट कंपनियों को हो सकता है, क्योंकि कच्चा तेल पेंट के इनपुट कॉस्ट का 35 फीसदी हिस्सा होता है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से पेंट कंपनियों को भी लाभ होगा, हालांकि इस क्षेत्र के स्टॉक्स की कीमतें बढ़ गई हैं। एशियन पेंट्स, बर्जर पेंट्स इंडिया और कंसाई नेरलोक के शेयरों में हाल ही में तेजी आई है। वहीं ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में भी कच्चे तेल की कम कीमतों का असर देखा गया है। हालांकि, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की आशा से पिछले दिनों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के शेयरों में गिरावट आई है। दूसरी ओर एविएशन सेक्टर में कच्चे तेल की गिरती कीमतों का लाभ हो सकता है, क्योंकि फ्यूल इस क्षेत्र की सबसे बड़ी लागत होती है। कच्चे तेल की कीमतों में कमी से टायर कंपनियों को लाभ हो सकता है, क्योंकि सिंथेटिक रबर की लागत कच्चे तेल पर निर्भर होती है। सिएट टायर्स, अपोलो टायर्स और एमआरएफ टायर्स के शेयरों में मामूली वृद्धि देखी गई है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का तेल निकालने वाली कंपनियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।



You may also like

Leave a Comment