Sunday, July 12, 2026 |
Home Automobileजून में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री हुई दोगुनी

जून में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री हुई दोगुनी

इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री में 108 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी

by Business Remedies
0 comments

इलेक्ट्रिक Passenger Vehicles की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 7.7 प्रतिशत पहुंची, Tata Motors रही सबसे आगे

Mahindra और MG Motor ने भी दर्ज की मजबूत ग्रोथ

नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क | देश में इलेक्ट्रिक Passenger Vehicles (EV) की मांग लगातार तेज हो रही है। जून 2026 में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री सालाना आधार पर करीब 108 प्रतिशत बढ़कर 31,823 यूनिट्स पर पहुंच गई। महंगे पेट्रोल-डीजल, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार और नए मॉडलों की लॉन्चिंग ने इस तेजी को मजबूती दी है। Federation of Automobile Dealers Associations (FADA) के आंकड़ों के अनुसार, कुल Passenger Vehicle बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी भी बढ़कर 7.7 प्रतिशत हो गई है।

इलेक्ट्रिक कारों की हिस्सेदारी में बड़ा उछाल

Federation of Automobile Dealers Associations (FADA) के अनुसार जून में इलेक्ट्रिक Passenger Vehicles की बिक्री 31,823 यूनिट्स रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 107.75 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही कुल Passenger Vehicle बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़कर लगभग 7.7 प्रतिशत हो गई, जबकि पिछले वर्ष जून में यह करीब 4.6 प्रतिशत थी। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतें, ईंधन में इथेनॉल मिश्रण को लेकर उपभोक्ताओं की आशंकाएं तथा देशभर में चार्जिंग सुविधाओं के विस्तार ने EV की मांग को मजबूती दी है।

Tata Motors ने बनाए नए बिक्री रिकॉर्ड

जून में Tata Motors ने इलेक्ट्रिक कारों की 12,187 यूनिट्स की बिक्री कर बाजार में पहला स्थान बनाए रखा। कंपनी की बिक्री में सालाना आधार पर 126 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी के अनुसार जून में मिलने वाली प्रत्येक तीन नई बुकिंग्स में से एक बुकिंग इलेक्ट्रिक वाहन की रही। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में Tata Motors की EV बिक्री 112 प्रतिशत बढ़कर 34,467 यूनिट्स पर पहुंच गई। कंपनी ने हाल ही में Sierra EV लॉन्च की है, जिसमें ICE मॉडल की तुलना में डिजाइन में कई बदलाव किए गए हैं। इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है और 15 जुलाई से डिलीवरी दी जाएगी। Sierra EV की एक्स-शोरूम कीमत 18.79 लाख रुपये से 24.79 लाख रुपये के बीच रखी गई है।

Mahindra और MG Motor की भी मजबूत बढ़त

इलेक्ट्रिक Passenger Vehicles के बाजार में Mahindra & Mahindra ने जून में 7,766 यूनिट्स की बिक्री कर दूसरा स्थान हासिल किया। कंपनी की बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में 121 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। Mahindra के पोर्टफोलियो में BE 6, XEV 9e, XEV 9S और XUV 3XO EV जैसे मॉडल शामिल हैं। वहीं MG Motor ने 5,861 यूनिट्स की बिक्री के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया और बाजार में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।

Maruti Suzuki की एंट्री से बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता Maruti Suzuki इलेक्ट्रिक Passenger Vehicles बाजार में चौथे स्थान पर रही। कंपनी ने हाल ही में अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी e Vitara लॉन्च की है। इस मॉडल का निर्माण कंपनी के Heartect-e Platform पर किया गया है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि Maruti Suzuki की एंट्री से इलेक्ट्रिक कारों के बाजार में प्रतिस्पर्धा और तेज होगी, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक विकल्प मिलने के साथ इस सेगमेंट की वृद्धि को भी नई गति मिलेगी।



You may also like

Leave a Comment